निजी क्षेत्र के शीर्ष बैंक एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को अपने तिमाही नतीजों को जारी कर दिया है। परिणामों के अनुसार बैंक को पहली तिमाही में 21 फीसदी बढ़कर 5568 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। हालांकि बैंक के एनपीए में भी मामूली तौर पर बढ़ोतरी हुई है। बैंक की कुल आय में भी 22.7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
ब्याज से भी आय में बढ़ोतरी
ब्याज से बैंक की आय 22.9 फीसदी बढ़कर 13,294.3 करोड़ रुपये रही है। पिछले साल की पहली तिमाही में बैंक को ब्याज से होने वाली आय 10,813.6 करोड़ रुपये थी। अन्य आय 30.2 फीसदी बढ़कर 4,970.3 करोड़ रुपये रही है।
60 फीसदी बढ़ गया प्रोविजन
बैंक का प्रोविजन भी पहली तिमाही में 60 फीसदी बढ़कर 2614 करोड़ रुपये हो गया है। साल दर साल आधार पर यह 1629 करोड़ रुपये था। बैंक का ग्रॉस एनपीए 1.4 फीसदी और नेट एनपीए 0.4 फीसदी रह गया। अगर रुपये में बात करें तो फिर ग्रॉस एनपीए 11,768.95 करोड़ रुपये और नेट एनपीए 3,567.18 करोड़ रुपये हो गया है।
कुल आय 32,300 करोड़ के पार
एचडीएफसी बैंक की कुल आय 22.7 फीसदी बढ़कर 32,361.8 करोड़ रुपये हो गई है। पिछले साल की पहली तिमाही में यह आय 26,367 करोड़ रुपये थी। नेट आय 24.8 फीसदी बढ़कर 18,265 करोड़ रुपये हो गई है।