मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने पीएमसी बैंक घोटाले में संलिप्त दो ऑडिटरों को सोमवार देर रात गिरफ्तार किया है। इन ऑडिटरों को मंगलवार को कोर्ट में आगे की रिमांड के लिए पेश किया जाएगा। इससे पहले इस घोटाले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सितंबर में भारतीय रिजर्व बैंक ने पीएमसी बैंक पर छह माह के लिए कई तरह की बैंकिंग गतिविधियों पर रोक लगा दी थी। तब बैंक ने खाताधारकों को छह माह में एक हजार रुपये निकालने की अनुमति दी थी। आरबीआई ने बैंक के बोर्ड को भंग करके एक एडमिनिस्ट्रेटर की नियुक्ति कर दी थी।
पीएमसी बैंक देश के 10 प्रमुख शहरी सहकारी बैंकों में शामिल है। दरअसल, फंसे कर्ज की जानकारी होने के बाद आरबीआई ने 23 सितंबर को पीएमसी बैंक पर निकासी सहित कई पाबंदियां लगा दी थीं। वित्तीय स्थिरता एवं विकास परिषद (एफएसडीसी) की बैठक के बाद गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि बैंक से जुड़े मामले की ऑडिट चल रही है, जल्द ही अनियमितता का खुलासा होने की उम्मीद है।