10 हजार करोड़ का बैंकिंग घोटाला करने के बाद देश से फरार दो लोगों का पासपोर्ट लंबे समय से रद्द होने पर, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर से विदेश मंत्रालय को पासपोर्ट रद्द करने के लिए पत्र लिखा है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने इनका पासपोर्ट अभी तक रद्द नहीं किया है, जिसके बाद ईडी ने थक हारकर के मंत्रालय को पत्र लिखकर ऐसा करने के लिए कहा है।
नीतिन, चेतन संदेसरा ने किया था घोटाला
वडोदरा के रहने वाले नीतिन और चेतन संदेसरा ने आंध्रा बैंक के अलावा अन्य सरकारी बैंकों के कंशोर्शियम के साथ फ्रॉड किया था। इस घोटाले में कांग्रेस के दिग्गज नेता अहमद पटेल के दामाद और बेटे का नाम भी आया था जब कुछ महीने पहले ईडी ने इनके सहयोगी और दिल्ली के व्यापारी गगन धवन को गिरफ्तार किया गया था। ईडी ने गगन धवन की प्रॉपर्टी को अटैच कर लिया है।
अदालत ने 14 नवंबर को एसबीएल के दो अन्य निदेशक नितिन और चेतन संदेसरा के खिलाफ भी गैर जमानती वारंट जारी किया था। एजेंसी का कहना है कि संदेसरा ने देश छोड़ दिया है। इसके अलावा सीबीआई ने बैंक धोखाधड़ी मामले में कंपनी के निदेशक जयंती लाल संदेसरा, दीप्ति चेतन, राजभूषण ओमप्रकाश, नितिन जयंती लाल और आंध्रा बैंक के पूर्व निदेशक अनूप गर्ग समेत कई आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।