महामारी के दौरान मौत के दावों के निपटान पर भारी-भरकम खर्च के कारण बीमा कंपनियां अगले महीने यानी दिसंबर से टर्म बीमा के दाम बढ़ाने वाली हैं। भारतीय बाजार में री-इंश्योरेंस की सबसे बड़ी कंपनी म्यूरिख रे अपने टर्म बीमा पॉलिसी की दरें 30-40 फीसदी तक बढ़ाने की घोषणा की है। इसे देखते हुए बाकी बीमा कंपनियां भी प्रीमियम में 20-30 फीसदी इजाफा करने वाली हैं।
बीमारियों की जानकारी न छुपाएं
पॉलिसीधारक को टर्म बीमा लेने से पहले से कोई बीमारी है तो उसकी जानकारी बीमा कंपनी को जरूर दें। परिवार की मेडिकल हिस्ट्री और धूम्रपान के बारे में भी बताएं। ऐसा नहीं करने पर संबंधित बीमारी से मौत पर कंपनी टर्म बीमा क्लेम को रिजेक्ट कर सकती है।
फीचर की तुलना जरूर करें
टर्म बीमा का प्रीमियम तीन कारकों पर निर्भर है... उम्र, कवरेज रकम और पॉलिसी की अवधि। एक ही उम्र, अवधि और लाइफ कवर के लिए अलग व्यक्ति से बीमा कंपनी अलग प्रीमियम वसूल सकती है। इसलिए टर्म बीमा पॉलिसी खरीदने से पहले ऑनलाइन वेबसाइट पर अलग-अलग फीचर की तुलना जरूर करें।
जरूरतें देखकर खरीदें टर्म बीमा
आमतौर पर टर्म बीमा खरीदते समय पॉलिसीधारक का जोर कवरेज राशि पर होता है। इससे ज्यादा उन्हें अपनी जरूरतों पर ध्यान देना चाहिए, जिनमें कर्ज, बढ़ रही महंगाई और बच्चों की शिक्षा एवं शादी-विवाह जैसे बड़े खर्च शामिल हैं। इनकी गणना के बाद ही तय करें कि कितनी राशि का कवरेज पर्याप्त है, जो परिजनों को वित्तीय सुरक्षा दे। -सज्जा प्रवीण चौधरी, हेड (टर्म लाइफ इंश्योरेंस) पॉलिसी बाजार
टेबल के जरिये जानें प्रीमियम
कोरोना महामारी का खतरा अभी टला नहीं है। ऐसे में किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए अस्पताल के बेतहाशा खर्चों से बचने के लिए स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी जरूर खरीदें। टेबल के जरिये जानें स्वास्थ्य बीमा के लिए कंपनियां अभी कितना वसूल रही हैं प्रीमियम...
कंपनी बीमा राशि प्रीमियम (मासिक)
| केयर हेल्थ इंश्योरेंस | 5.5 लाख 569 रुपये |
| निवा हेल्थ इंश्योरेंस | एक करोड़ 916 रुपये |
| स्टार हेल्थ इंश्योरेंस | 5 लाख 553 रुपये |
| आदित्य बिड़ला कैपिटल | 5 लाख 471 रुपये |
| बजाज आलियांज | 5 लाख 876 रुपये |
| टाटा एआईजी | 5 लाख 662 रुपये |
| मनिपाल सिग्ना | 50 लाख 1,005 रुपये |
| एसबीआई जनरल | 5 लाख 589 रुपये |
| रहेजा क्यूबीई | एक करोड़ 489 रुपये |
| न्यू इंडिया | 5 लाख 560 रुपये |