अगले महीने दिवाली और छठ के अलावा कई बड़े त्योहार हैं, जिनके कारण बैंकों में भी अवकाश रहेगा। सबसे लंबी छुट्टी दिवाली के त्योहार के चलते रहेगी। इन छुट्टियों के चलते एटीएम में भी कैश की किल्लत रह सकती है। इसलिए हमारी सलाह है कि आप कैश का इंतजाम दिवाली और छठ पूजा जैसे त्योहार से पहले ही कर लें।
नवंबर के पहले हफ्ते में छुट्टियों की भरमार
नवंबर के पहले हफ्ते में ही दिवाली का त्योहार 5 तारीख से शुरू हो जाएगा। 5 तारीख को धनतेरस है, 6 को छोटी दिवाली, 7 को दिवाली, 8 को गोवर्धन और 9 को भाई दूज है। वहीं 10 और 11 नवंबर को शनिवार व रविवार है।
इस तरह कई राज्यों में 5 से लेकर के 11 तारीख तक छुट्टी रहेगी। जिन राज्यों में दिवाली के त्योहार का असर नहीं पड़ेगा, वो दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्य हैं। उत्तर, मध्य और पश्चिमी भारत में इस दौरान बैंकों में भी काम नहीं होगा। वहीं महीने के अंत में 21 नवंबर को ईद-ए-मिलाद व 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर का शहीदी दिवस है। 23 नवंबर को गुरुनानक देव जी की जयंती के कारण दक्षिण भारत को छोड़कर के अधिकांश राज्यों में छुट्टी रहेगी।
छठ पर बिहार-झारखंड में बंद
दिवाली के बाद 13 और 14 तारीख को बिहार, पूर्वी उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों व झारखंड में छठ पूजा के चलते बैंकों में अवकाश रहेगा। हालांकि छठ पूजा अब देश के राज्यों में होती है, इसलिए इस त्योहार का असर अन्य राज्यों में भी देखने को मिल सकता है।
एटीएम में नहीं मिलेगा कैश
जितने दिन बैंकों में अवकाश रहेगा, उतने दिन एटीएम में भी कैश की किल्लत हो सकती है। हालांकि बैंकों की तरफ से कहा गया है कि त्योहार के वक्त एटीएम में कैश की दिक्कत न हो, इसके लिए पहले से पर्याप्त व्यवस्था रखने के लिए कैश मैनेज करने वाली कंपनियों को कहा गया है।