आईफोन बनाने वाली कंपनी एपल अपने सभी मॉडल की कुल लागत से 190 फीसदी तक मार्जिन ले रही है। इसी के चलते फोन के दाम पूरे विश्व में बहुत ज्यादा हैं। भारत में भी आईफोन के सबसे टॉप मॉडल (एक्सएस मैक्स) की कीमत 1.45 लाख रुपये तक गई है।
इस रिपोर्ट में उठाए गए सवाल
एपल द्वारा अधिक मार्जिन लिए जाने का खुलासा कनाडाई रिसर्च फर्म टेकइनसाइट्स ने अपनी रिपोर्ट में किया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी अमेरिका में भी 175 से 190 फीसदी अधिक मार्जिन पर आईफोन बेच रही है। टेकइनसाइट्स का दावा है कि 256 जीबी आईफोन एक्सएस मैक्स को कंपनी 1,249 डॉलर (89,928 रुपये) में बेच रही है, जबकि इसे बनाने में उसे 453 डॉलर (32,616 रुपये) का खर्च आया है।
पिछले साल भी था इतना ही मार्जिन
आईफोन एक्स बनाने का खर्च 396 डॉलर (28,508 रुपये) था, जबकि एपल ने इसके 256 जीबी मॉडल का दाम 1,149 डॉलर (82,728 रुपये) रखा था। यानी बनाने का खर्च सिर्फ 50 डॉलर बढ़ा, जबकि दाम 100 डॉलर ज्यादा हैं। कंपनी का कहना है कि वो अपनी गुडविल का यह पैसा ग्राहकों से लेती है, क्योंकि प्रयोग किए हुए फोन को कंपनी अच्छे दाम पर खरीदती है। वहीं आईफोन के सभी पिछले मॉडल अभी भी मार्केट में बिक रहे हैं, जिनकी वापसी पर ग्राहकों को बढ़िया कैशबैक मिलता है।
भारत में शुरू हुई बिक्री
भारत में आईफोन-एक्सएस व आईफोन एक्सएस मैक्स की बिक्री शुक्रवार से शुरू हो गई। 70 फीसदी प्री-बुकिंग आईफोन एक्सएस मैक्स की हुई है। इस साल एपल ने आईफोन एक्सआर भी लांच किया था। देश में इसकी बिक्री दीपावली से करीब दो हफ्ते पहले 26 अक्टूबर से शुरू होगी।
अगर भारत में कीमत की बात करें तो आईफोन एक्स एस के 64 जीबी वैरिएंट की कीमत 99, 900 रुपये रखी गई है। 256 जीबी वाला फोन 114900 रुपये और 512 जीबी फोन के लिए 134900 रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
वहीं आईफोन एक्सएस मैक्स के 64 जीबी के लिए 109900 रुपये, 256 जीबी फोन 124900 रुपये और 512 जीबी 144900 रुपये में मिलेगा। बिना बिल के अगर आप आईफोन खरीदते हैं तो फिर इसके लिए आपको 15 से 20 हजार रुपये कम खर्च करने पड़ेंगे।