गर्मी शुरू होने से पहले ही एसी कंपनियां ग्राहकों का पसीना निकाल सकती हैं। वोल्टास, दैकिन, एलजी, पैनासोनिक सहित लगभग सभी बड़ी कंपनियां अप्रैल से एसी व रेफ्रिजरेटर की कीमतों में 5 से 8 प्रतिशत का इजाफा कर सकती हैं। बाजार में तांबा व कंप्रेसर महंगा होने से उपभोक्ताओं पर बोझ बढ़ेगा।
दैकिन इंडिया के एमडी-सीईओ कंवल जीत जावा ने बताया कि जल्द ही एसी के दाम 3-5 फीसदी तक बढ़ेंगे। हालांकि, इससे मांग पर कुछ असर पड़ेगा लेकिन गर्मियां बढ़ने के साथ खरीदारी में भी इजाफा होगा। पैनासोनिक इंडिया के सीईओ (दक्षिण एशिया) मनीष शर्मा ने कहा, बढ़ती उत्पादन लागत का बोझ घटाने के लिए एसी के दाम 6 से 8 प्रतिशत बढ़ाने होंगे। रेफ्रिजरेटर की कीमतों में भी 3 से 4 प्रतिशत इजाफा किया जाएगा।
वोल्टास के एमडी-सीईओ प्रदीप बख्शी ने कहा, हम पहले ही एसी की कीमतें बढ़ा चुके हैं। कच्चे माल की बढ़ती लागत से आगे और भी वृद्धि हो सकती है। ब्लूस्टार के एमडी बी. थियागराजन के अनुसार, जनवरी में एसी के दाम 5 से 8 प्रतिशत बढ़ाए थे और अप्रैल से 3 फीसदी का इजाफा हो किया जाएगा। हायर और एलजी भी एसी के दाम में
7 से 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी करेंगी।
70 प्रतिशत तक बढ़ेगी बिक्री
उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक एवं उपकरण विनिर्माता संगठन के अध्यक्ष कमल नंदी ने अनुमान लगाया कि वर्क फ्रॉम होम और भीषण गर्मी की भविष्यवाणी से इस साल एसी की बिक्री 2020 की तुलना में 70 फीसदी ज्यादा रहेगी। ब्लूस्टार और एलजी ने भी 25 से 30 फीसदी ज्यादा बिक्री का अनुमान लगाया है।