प्रतिष्ठित फोर्ब्स मैगजीन की दुनिया की शीर्ष 2,000 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडिया लिमिटेड (आरआईएल) सहित 57 भारतीय कंपनियां शामिल हैं। इस सूची में हाउसिंग फाइनेंस क्षेत्र की दिग्गज एचडीएफसी लिमिटेड को टॉप 10 उपभोक्ता फाइनेंस कंपनियों में शामिल किया गया है।
मैगजीन ने अपनी सूची में लगातार सातवीं बार चीन के इंडस्ट्रियल बैंक ऑफ चाइना को शीर्ष स्थान दिया है। वहीं, आरआईएल को भारत की सबसे बड़ी कंपनी बताया है, जबकि वैश्विक स्तर पर उसे 71वां स्थान मिला है। आरआईएल तेल एवं गैस क्षेत्र में दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी कंपनी है, जबकि रॉयल डच शेल इस सूची में शीर्ष पर है।
उपभोक्ता फाइनेंशियल क्षेत्र में अमेरिकन एक्सप्रेस पहले स्थान पर है, जबकि एचडीएफसी लिमिटेड सातवें पायदान पर है। वैश्विक-2000 सूची में इसका 332वां स्थान है। फोर्ब्स ने इस सूची में 61 देशों की कंपनियों को जगह दी है, जिसमें सबसे ज्यादा 575 कंपनियां अमेरिका की हैं। इसके बाद चीन-हांगकांग की 309 और जापान की 223 कंपनियां शामिल हैं।
शीर्ष 200 में सिर्फ आरआईएल
मुकेश अंबानी की आरआईएल फोर्ब्स की सूची में शीर्ष 200 में शामिल इकलौती भारतीय कंपनी है। टॉप-10 में दूसरे नंबर पर जेपी मॉर्गन, तीसरे पर चाइना कंस्ट्रक्शन बैंक, चौथे पर एग्रीकल्चर बैंक ऑफ चाइना, पांचवें पर बैंक ऑफ अमेरिका और छठे पर एपल है। एचडीएफसी बैंक का स्थान 209वां है, जबकि ओएनजीसी 220वें स्थान पर और इंडियन ऑयल 288वें पायदान पर है।