महामारी की चुनौतियों के बीच फरवरी में 12.37 लाख लोगों को रोजगार मिला है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने मंगलवार को बताया कि फरवरी में पिछले साल की अपेक्षा 20 फीसदी नए सब्सक्राइबर जुड़े हैं।
श्रम मंत्रालय के मुताबिक, संगठित क्षेत्र ने फरवरी में रोजगार के मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन किया है। जनवरी, 2021 की तुलना में भी नए सब्सक्राइबर की संख्या 3.52 फीसदी बढ़ी है। वहीं, फरवरी 2020 के मुकाबले इसमें 19.63 फीसदी का इजाफा हुआ है। जनवरी में नए रोजगार पाने वालों की संख्या 11.95 लाख थी। गौरतलब है कि लॉकडाउन और महामारी के दबाव में 2020 में लाखों लोगों ने रोजगार गंवाए थे। तब मार्च में 2.55 लाख और अप्रैल में 2.72 लाख सब्सक्राइबर की संख्या घटी थी।
ग्रामीण, कृषि श्रमिकों के लिए खुदरा महंगाई बढ़ी
कृषि और ग्रामीण क्षेत्र के श्रमिकों के लिए मार्च में खुदरा महंगाई की दर बढ़कर 2.78 और 2.96 फीसदी पहुंच गई है। श्रम मंत्रालय ने बताया कि खाद्य उत्पादों के दाम बढ़ने से महंगाई पर असर पड़ा है। फरवरी में कृषि श्रमिकों की खुदरा महंगाई 2.67 फीसदी और ग्रामीण क्षेत्र की 2.76 फीसदी थी। मार्च, 2020 में कृषि श्रमिकों के लिए खुदरा महंगाई दर 8.98 फीसदी और ग्रामीण श्रमिकों के लिए 8.69 फीसदी थी। इस बार खाद्य उत्पादों की महंगाई दर 1.86 फीसदी तक बढ़ी है।