जरा सोचिए कि आपके घर में एक लोडेड बंदूक रखी है और वह ऐसी जगह पर है जहां आपके 8 या 9 साल के बच्चे आसानी से पहुंच सकते हैं। अब कल्पना कीजिए कि एक दिन वही बंदूक आपके बच्चों के हाथ लग जाए। यह सोच ही किसी को भी घबरा देने के लिए काफी है। ऐसा ही एक डराने वाला दृश्य हाल ही में सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना में जो कुछ हुआ, वह न केवल चौंकाने वाला है बल्कि एक बड़ी सीख भी देता है। आइए जानते हैं उस वीडियो में क्या दिखाया गया और इससे जुड़ी अहम जानकारी क्या है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में दो छोटे बच्चे एक बड़े बॉक्स के पास खड़े दिखाई देते हैं। इनमें से एक बच्चे के हाथ में एक असली बंदूक नजर आती है। दोनों बच्चे उस बंदूक को बारी-बारी से पकड़ते हैं और आपस में बातचीत करते हुए नजर आते हैं। इस दौरान पुलिस मौके पर मौजूद होती है और लगातार बच्चों से कहती है कि वे बंदूक नीचे रख दें। पुलिस अधिकारी शांत आवाज में बच्चों को यह भी समझाते हैं कि उनका इरादा नुकसान पहुंचाने का नहीं है।
पुलिस निकालती है ये तरकीब
हालांकि बच्चे पुलिस की बातों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देते। ऐसे में पुलिस एक रणनीति अपनाती है और रबर जैसी नकली गोली को बच्चों के पास फायर करती है ताकि उनका ध्यान हटाया जा सके। गोली की आवाज से दोनों बच्चे डर जाते हैं और जब दो बार ऐसा होता है तो वे थोड़ा पीछे हट जाते हैं। इसी समय का फायदा उठाकर पुलिस तेजी से उनके पास पहुंचती है और बंदूक उनके हाथ से ले लेती है।
पुलिस ने बच्चे के खिलाफ दर्ज नहीं की शिकायत
यह पूरी घटना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @realAnn_29 नाम के अकाउंट से शेयर की गई है। समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार यह घटना फरवरी महीने की है। इस ऑपरेशन को अंजाम देने में पुलिस को अपने ड्रोन प्रोग्राम से काफी मदद मिली। ड्रोन के जरिए स्थिति की निगरानी की गई और सही वक्त पर कार्रवाई की गई। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने बच्चों के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया। सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि इस घटना ने एक बार फिर यह बात उजागर कर दी है कि घर में बंदूक जैसी खतरनाक चीजों को बेहद सुरक्षित और बच्चों की पहुंच से दूर रखना क्यों जरूरी है। एक छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।