सोशल मीडिया पर आए दिन सड़क से जुड़े ऐसे वीडियो सामने आते रहते हैं, जिन्हें देखकर कभी हैरानी होती है तो कभी हंसी छूट जाती है। खासकर भारतीय सड़कों पर कई बार ऐसे नजारे देखने को मिल जाते हैं, जिनकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होती। इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दो सांड सड़क के बीचों-बीच आपस में लड़ते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान एक महिला अपनी स्कूटी लेकर उनके बीच से निकलने की कोशिश करती है। फिर कुछ ऐसा होता है कि महिला अपनी स्कूटी समेत सड़क पर गिर जाती है।
सांडों की लड़ाई के बीच पहुंची महिला
वायरल वीडियो रात के समय का है। इसमें सड़क के दोनों तरफ सब्जियों और दूसरी चीजों की दुकानें दिखाई दे रही हैं। आसपास कुछ लोग भी मौजूद हैं। इसी बीच सड़क के बीचों-बीच दो भारी-भरकम सांड आपस में भिड़ जाते हैं। दोनों एक-दूसरे के सींग फंसा कर पूरी ताकत से लड़ रहे होते हैं। उनकी लड़ाई इतनी जबर्दस्त होती है कि आसपास मौजूद लोग भी दूरी बनाकर खड़े रहते हैं। तभी वहां एक महिला स्कूटी लेकर पहुंचती है। हैरानी की बात यह है कि सामने दो सांडों को बुरी तरह लड़ता देखकर भी महिला रुकने के बजाय उनके पास से निकलने की कोशिश करती है। वह स्कूटी को पैरों से संभालते हुए धीरे-धीरे आगे बढ़ाती है। लेकिन शायद उसे अंदाजा नहीं होता कि अगले ही पल क्या होने वाला है।
स्कूटी समेत सड़क पर गिरी महिला
महिला जैसे ही सांडों के बिल्कुल करीब पहुंचती है, दोनों का ध्यान उसकी तरफ चला जाता है। लड़ते-लड़ते सांड अचानक स्कूटी की ओर मुड़ जाते हैं। यह देखकर महिला घबरा जाती है और अपना संतुलन खो बैठती है। कुछ ही सेकंड में वह स्कूटी समेत सड़क किनारे खड़ी दूसरी बाइक्स के पास गिर जाती है। आसपास मौजूद लोगों के लिए भी यह पूरा घटनाक्रम अचानक होता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस वीडियो को एक्स पर शेयर किया गया है। वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग महिला के इस फैसले पर हैरानी जता रहे हैं तो कुछ सांडों की लड़ाई के बीच से निकलने की कोशिश को लेकर मजेदार कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने मजाक में लिखा कि सांड भी सोच रहे होंगे कि हम तो आपस में लड़ रहे थे, ये बीच में कौन आ गया? वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा कि लड़ते हुए सांडों के इतने करीब से निकलने का आत्मविश्वास भारत में ही देखने को मिल सकता है।
खतरे की ओर करती है इशारा
हालांकि, वीडियो देखकर हंसी जरूर आ सकती है, लेकिन यह घटना सड़क पर आवारा पशुओं से होने वाले खतरे की ओर भी ध्यान दिलाती है। ऐसे में अगर कभी सड़क पर दो सांड आपस में लड़ते दिखाई दें तो उनके बीच से निकलने की कोशिश करने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखना ही बेहतर है।