ऑनलाइन शॉपिंग आज हर किसी की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है। लोग कपड़ों से लेकर घर का सामान तक इंटरनेट से मंगवाते हैं। लेकिन ब्रिटेन की एक महिला के साथ जो हुआ, वो सुनकर कोई भी सोच में पड़ जाएगा कि ऑनलाइन कुछ भी खरीदने से पहले थोड़ा रुकना जरूरी है। दरअसल, ब्रिटेन के कॉर्नवाल में रहने वाली 42 साल की कैंडिस कॉलिन्स का दावा है कि उन्होंने इंटरनेट से जो चीज खरीदी, उसने उनकी जिंदगी ही बदल दी और वो भी डरावने तरीके से। तो आज की इस खबर में हम भी घटना के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई यह घटना
कैंडिस पेशे से एक पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर यानी भूत-प्रेत जैसी घटनाओं की जांच करने वाली हैं। उन्होंने हाल ही में ईबे से एक गुड़िया खरीदी, जिसका नाम है नॉर्मन”। कैंडिस का कहना है कि यह कोई नॉर्मल खिलौना नहीं, बल्कि यूके की सबसे भूतिया गुड़िया है। उन्होंने इसके लिए करीब 200 पाउंड यानी लगभग 21 हजार रुपये खर्च किए थे। गुड़िया दिखने में सुनहरे बालों और नीली धारियों वाली शर्ट पहने बहुत मासूम लगती है, लेकिन कैंडिस का कहना है कि इसमें कुछ तो गड़बड़ जरूर है।
क्या है गुड़िया की कहानी?
अब बात करते हैं इस गुड़िया के पुराने मालिक की क्रिश्चियन हॉक्सवर्थ नाम के शख्स ने इसे एक एंटीक मेले से सिर्फ 3 पाउंड में खरीदा था। लेकिन इसके घर आने के बाद उसके साथ जो कुछ हुआ, वो किसी हॉरर फिल्म से कम नहीं था। सबसे पहले उसका अपेंडिक्स फट गया फिर गोली लगने जैसी घटना हुई। इसके बाद कार के ब्रेक फेल हो गए और फिर सैलरी कटने जैसी अजीब परेशानियां शुरू हो गईं। क्रिश्चियन को यकीन हो गया कि इन सबके पीछे उसी गुड़िया का हाथ है। डर के मारे उसने उसे ईबे पर बेच दिया ताकि किसी तरह उससे पीछा छूट सके।
महिला की खराब हुई तबीयत
लेकिन नॉर्मन की कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। कुछ समय बाद वही गुड़िया कैंडिस कॉलिन्स के पास पहुंच गई। जैसे ही उन्होंने डिब्बा खोला उन्हें एक अजीब सी ठंडक महसूस हुई। उन्होंने बताया कि कमरे का तापमान अचानक गिर गया। उसी वक्त उन्हें समझ आ गया कि यह कोई आम गुड़िया नहीं है। कैंडिस ने आगे बताया कि उस दिन के बाद से उनके घर में अजीब घटनाएं होने लगीं। उन्हें बुरे सपने आने लगे और उनकी तबीयत भी खराब रहने लगी। सबसे डरावनी बात यह थी कि कैंडिस के बेटे ने कहा कि वह गुड़िया उससे बातें करती है।
गुड़िया को की कंट्रोल में करने की कोशिश
इस सबके बाद कैंडिस ने डर के मारे उस गुड़िया को अपने घर में खुला नहीं छोड़ा। उन्होंने उसे एक कांच के बॉक्स में बंद कर दिया और उस पर पवित्र जल छिड़क दिया ताकि कोई अनहोनी न हो। अब वो उस गुड़िया को “कंट्रोल” में रखने की कोशिश कर रही हैं।