हवाई यात्रा को आमतौर पर लोग शांति और आराम का माध्यम मानते हैं। लेकिन हाल ही में मुंबई से कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट में ऐसा वाकया हुआ जिसने सभी को चौंका दिया। फ्लाइट में एक यात्री को अचानक पैनिक अटैक आ गया। जैसे ही केबिन क्रू उसकी मदद करने आया, तभी पास में बैठा एक यात्री परेशान हो गया और उसने उस पीड़ित यात्री को थप्पड़ मार दिया। इस घटना का वीडियो एक दूसरे यात्री ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। तो आइए जानते हैं कि वीडियो में और क्या दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
पूरा मामला फ्लाइट में बोर्डिंग पूरी होने के बाद शुरू हुआ। एक यात्री को अचानक बेचैनी होने लगी, उसे पसीना आने लगा और वह घबराने लगा। दरअसल, उसे पैनिक अटैक आया था। क्रू मेंबर्स ने तुरंत उसकी मदद करनी शुरू की, लेकिन ठीक पास की सीट पर बैठे एक व्यक्ति को यह सब देख कर गुस्सा आ गया। उसने बिना कुछ सोचे-समझे उस यात्री को थप्पड़ मार दिया।
प्लेन में पैसेंजर को आया पैनिक अटैक
वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी यात्री पैनिक अटैक झेल रहे यात्री को जोरदार थप्पड़ मारता है। इसके बाद क्रू मेंबर्स बीच में आते हैं और उस यात्री को शांत करने की कोशिश करते हैं। वीडियो में एक क्रू सदस्य को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "सर, ऐसा मत कीजिए।" वीडियो बनाने वाले एक अन्य यात्री ने आरोपी से पूछा, “आपने उसे क्यों मारा?” जवाब में आरोपी ने कहा, “इसकी वजह से सभी लोग परेशान हो रहे हैं।” वहीं, एक और यात्री ने इंसानियत दिखाते हुए कहा, "उसे पैनिक अटैक हो रहा है, कृपया पानी दीजिए।"
पुलिस ने किया गिरफ्तार
फ्लाइट के लैंड करते ही आरोपी यात्री को एयरपोर्ट अधिकारियों को सौंप दिया गया। सभी नियमों का पालन करते हुए उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया और गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की गई। इंडिगो एयरलाइंस ने इस घटना को लेकर बयान जारी किया है। एयरलाइन ने कहा, "हम इस तरह की घटना की कड़ी निंदा करते हैं। यह व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य है।" एयरलाइन ने यह भी बताया कि आरोपी यात्री को फ्लाइट से उतार दिया गया और सभी नियमों के अनुसार संबंधित एजेंसियों को जानकारी दी गई। यह घटना यह दिखाती है कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर आज भी समाज में जागरूकता की कमी है।