आपके घर शादी के कार्ड तो खूब आए होंगे लेकिन कभी ऐसा कार्ड देखने को नहीं मिला होगा। यह कार्ड जिस किसी को मिला वह हैरान रह गया। दरअसल, यह शादी का कार्ड खुद भगवान के घर से उनकी शादी के लिए था।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह मामला मध्य प्रदेश के सिवनी शहर में सामने आया है। यहां शहरभर में इन दिनों एक विवाह पत्रिका हर घर पहुंचाई जा रही है। इस समय यह विवाह पत्रिका मुख्य आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है।
दरअसल, लोग इस विवाह पत्रिका को जैसे ही खोलकर देखते हैं वे चौंक पड़ते हैं। इस शादी के कार्ड पर सबसे ज्यादा चौंकाने वाली कोई चीज है तो वह है दूल्हा-दुल्हन का नाम।
सिर्फ इतना ही नहीं इस कार्ड पर अंकित संगीत कार्यक्रम, बारात प्रस्थान, पाणिग्रहण संस्कार आदि की तिथि जानकर लोग चौंक पड़ते हैं। हैरत की बात तो ये है कि लोगों में इस कार्यक्रम में उपस्थित रहने की उत्सुकता नजर आ रही है।
दरअसल, कार्ड पर महाकाल परिवार द्वारा शिव-पार्वती विवाह के बारे में सूचना है। ये देखकर लोगों को विश्वास नहीं हो रहा कि कोई ऐसा कार्ड भी छपवा सकता है।
ये बिल्कुल ऐसे हैं, जैसे किसी परिवार में शादी आयोजन होते हैं। कार्ड में वर देवाधिदेव महादेव निवास मठ मंदिर एवं वधु पार्वती पिता हिमाचल राज निवासी छिंदवाड़ा चौक अंकित है। वैवाहिक आयोजन में संगीत कार्यक्रम मंगलवार 13 फरवरी को शाम 7 बजे से। बारात प्रस्थान एवं पाणिग्रहण संस्कार 14 फरवरी से होना बताया गया है।
विवाह स्थल छिंदवाड़ा चौक सिवनी होगा। बारात सिद्धपीठ मठ मंदिर से शाम 5 बजे नगर भ्रमण करते छिंदवाड़ा चौक पहुंचेगी। इस प्रतीकात्मक विवाह व बारात में सभी देवी-देवता, भूत-प्रेत शामिल होंगे।