कहते हैं रोने से मन हल्का होता है और दुख बांटने से ही कम होता है। लेकिन जरा सोचिए इस दुख को बांटने के लिए अगर आपको किराए पर लोग मिलें तो कैसा रहेगा?
जी हां, जापान में ऐसा ही कुछ होने जा रहा है। जापान की नई वेबसाइट ईकेमेसो के जरिए लोग अब पैसा देकर लड़कों को बुला सकते हैं और उनके साथ मिलकर रो सकते हैं। लेकिन यह सेवा खासकर महिलाओं के लिए है।
मिरर की खबर के मुताबिक जापान में जो महिलाएं अपना दुख बांटना चाहती हैं वें ऑनलाइन बुक कर के इन लड़कों को बुला सकती हैं और उनके सामने रो सकती हैं। ये लड़के उनकी सारी परेशानियां सुनेंगे और उनके आंसू पोछेंगे।
ये लड़के खुद उनके घर या ऑफिस, जहां महिलाएं चाहें, चले जाएंगे। एक रुमाल और सांत्वना भाव के साथ ये आपके दरवाजे पर मौजूद होंगे। इन लड़कों को इस बात की ट्रेनिंग दी जाती है कि ये कैसे परेशान महिलाओं की आंखों से आंसू निकलवाएं और उनका मन हल्का करें।