इकलौते बेटे ने बुजुर्ग पिता का पहले गला रेता फिर फेवीक्विक से चिपकाने की कोशिश की। बूढ़े बाप की चीख बाहर न सुनाई दे इसलिए टीवी और म्यूजिक सिस्टम ऑन कर दिया। इसके बाद घर में ताला बंदकर पिता को लहूलुहान हालत में तड़पता छोड़कर भाग निकला। दिल दहला देने वाला पर अजीबोगरीब ये मामला उत्तरप्रदेश का है। बस्ती जिले के भैसहवा गांव में रेलवे के रिटायर्ड कर्मचारी रहे रामदेव मिश्र के साथ ये अनहोनी घटी पड़ोसियों को इसकी जानकारी घटना के तीसरे दिन हुई।
इसके बाद जख्मी रामदेव मिश्र (65) को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनकी हालत गंभीर है। आरोपी बेटा जगदीश मिश्र (40) घटना के बाद से ही फरार है। बेरोजगार जगदीश वर्ष 2005 में अपनी पहली पत्नी की भी हत्या कर चुका है। बुजुर्ग की चीख-कराह गांव की एक महिला ने सुनी तो अनहोनी की आशंका में उसने ग्राम प्रधान को इसकी जानकारी दी। फिलहाल बुजुर्ग का इलाज अस्पताल में चल रहा है लेकिन हालत नाजुक बनी हुई है।
बुजुर्ग रामदेव की दो बेटियां हैं जिनकी शादी हो चुकी है। फिलहाल वे बेटे जगदीश के पत्नी-बच्चों के साथ रहते हैं। आरोपी जगदीश ने 13 साल पहले छत से धकेल कर पहली पत्नी को मार डाला था। जेल से छूटने के बाद उसने दूसरी शादी की जिससे दो बच्चे हैं। उसके अभद्र व्यवहार के चलते गांव के लोगों या रिश्तेदारों का रामदेव के घर आना-जाना न के बराबर है। गांव के लोगों में दबी जुबान यह भी चर्चा है कि गुरुवार को दिन में रामदेव की बहू और दो पोते घर में देखे गए थे लेकिन शाम के बाद से वे भी लापता हैं। फिलहाल आरोपी युवक और उसके पत्नी-बच्चों की तलाश की जा रही है।