धूम मचाले की धुन पर बाइक लेकर निकला युवक
- फोटो : एक्स@gharkekalesh
सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग आजकल तरह-तरह के वीडियो बनाते हैं। कोई डांस करके लोगों का ध्यान खींचता है तो कोई फिल्मी स्टाइल में एंट्री मारकर खुद को हीरो दिखाने की कोशिश करता है। कई बार ऐसे वीडियो देखकर लोग तारीफ करते हैं, लेकिन कुछ लोगों के साथ ऐसा कांड हो जाता है कि उनका पूरा स्टाइल ही धरा रह जाता है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही मजेदार वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर जॉन अब्राहम बनने निकला था, लेकिन अगले ही पल उसके साथ ऐसा कुछ हुआ कि सारी हीरोगिरी निकल गई।
बाइक पर सवार होकर दिखा रहा था स्वैग
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक गांव की संकरी सड़क पर काली स्पोर्ट्स बाइक लेकर आता है। आसपास हरियाली नजर आ रही है और सड़क भी काफी संकरी है। युवक बाइक चलाते हुए पूरे स्टाइल में कैमरे की तरफ बढ़ता है। वीडियो को और फिल्मी बनाने के लिए बैकग्राउंड में फिल्म 'धूम' का मशहूर गाना 'धूम मचाले' भी लगाया गया है। ऐसा लग रहा था जैसे कोई फिल्मी हीरो अपनी शानदार एंट्री मार रहा हो।
मजाक बना युवक का फिल्मी अंदाज
लेकिन युवक को शायद अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल उसका यह फिल्मी अंदाज मजाक बन जाएगा। जैसे ही वह बाइक लेकर सड़क पर आगे बढ़ता है, अचानक मोड़ के पास उसका संतुलन बिगड़ जाता है। बाइक फिसल जाती है और युवक खुद को संभाल भी नहीं पाता। देखते ही देखते वह बाइक समेत सड़क किनारे बने पानी और कीचड़ से भरे नाले में जा गिरता है।
धूम मचाने निकला था, पानी में जा पहुंचा
बाइक के नाले में गिरते ही पानी उछल जाता है। कुछ देर पहले तक जो युवक बड़े स्वैग के साथ बाइक चला रहा था, वह अगले ही पल पानी और कीचड़ में नजर आता है। बैकग्राउंड में बज रहा धूम मचाले गाना और युवक का यह हाल वीडियो को और मजेदार बना देता है। वहीं, वीडियो रिकॉर्ड कर रहे उसके दोस्त भी यह नजारा देखकर अपनी हंसी नहीं रोक पाते।
लोग बोले- भाई ने तो वाटर राइड ही कर ली
यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा है। इसे देखकर लोग खूब मजे ले रहे हैं। कुछ यूजर्स युवक की तुलना जॉन अब्राहम से कर रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि भाई का धूम वाला अंदाज सीधे वाटर पार्क तक पहुंच गया। वहीं, कुछ लोग इसे सड़क पर स्टंट करने वालों के लिए सबक भी बता रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो के जरिए एक बात भी समझ आती है कि सड़क पर बाइक चलाते समय जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। फिल्मी स्टाइल में बाइक चलाना भले ही वीडियो में अच्छा लगे, लेकिन असल जिंदगी में ऐसा करना जोखिम भरा हो सकता है।