ग्राहक ने डिलीवरी ब्वॉय को दिया सरप्राइज
- फोटो : Twitter
कोरोना वायरस ने दुनियाभर में बहुत कुछ बदल कर रख दिया है। इसकी शुरुआत चीन के वुहान शहर से हुई थी, लेकिन अब वहां यह बीमारी कंट्रोल में है। इसलिए सरकार ने थोड़ी ढील दी है। ऐसे में खाद्य वितरण से जुड़े कर्मचारी अपने-अपने कामों में लग गए हैं। डिलीवरी ब्वॉय खाने संबंधी जरूरी चीजें घरों तक पहुंचा रहे हैं। एक डिलीवरी ब्वॉय का वीडियो आजकल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसे देखकर शायद आप भी भावुक हो जाएंगे, क्योंकि डिलीवरी ब्वॉय तो खुद ही भावुक हो गया था।
मामला कुछ यूं है कि यहां एक ग्राहक ने डिलीवरी ब्वॉय के जन्मदिन पर उसी के लिए केक ऑर्डर किया था। जब डिलीवरी ब्वॉय दुकान से केक लेने पहुंचा तो उसे पता चला कि वह केक तो खुद उसी के लिए था। दरअसल, केक के साथ एक पेपर नोट भी था, जिसपर लिखा था कि 'यह केक आपके (डिलीवरी ब्वॉय) लिए एक उपहार है। जीवन आसान नहीं है, कृपया अपना ख्याल रखें!'
वीडियो में आप देख सकते हैं कि डिलीवरी ब्वॉय बेकरी वाले से पूछता है कि क्या यह केक सच में उसी के लिए है। इसके बाद वो उसे लेकर चला जाता है और सीढ़ियों पर बैठकर कैंडल बुझाता है और रोते हुए केक खाता है और अकेले ही अपना जन्मदिन सेलिब्रेट करता है।
यह वीडियो पिछले महीने ट्विटर पर शेयर हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डिलीवरी ब्वॉय का जन्मदिन 15 अप्रैल को था। सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस भावुक वीडियो को देखकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक ने लिखा है, 'अभी भी इस धरती पर मानवता जीवित है। यह एक उदाहरण है।' वहीं एक अन्य यूजर ने डिलीवरी ब्वॉय को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा है कि आप इस केक और शुभकामनाओं के पात्र हैं।