सोशल मीडिया पर रील स्क्रोल करते हुए कई बार हमारे सामने ऐसे वीडियोज भी आ जाते हैं, जिसे देख हमें दुख तो होता है, लेकिन वीडियो में दिखाई गई घटना को देखकर हंसी भी आती है। अब हाल ही में, एक शख्स का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना केरल की है। गुरुवार की सुबह केरल के कासरगोड में कुछ ऐसा हुआ, जिसे सुनकर यकीन करना मुश्किल है, लेकिन ये हकीकत है। PSC लोक सेवा आयोग की परीक्षा शुरू होने ही वाली थी और तभी एक चील ने ऐसा कारनामा कर दिया कि छात्र, अधिकारी और वहां मौजूद सभी लोग हैरानी में पड़ गए। आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि सुबह के 7:30 बजे परीक्षा की घड़ी करीब थी। अभ्यर्थी अपने हॉल टिकट के साथ केंद्र पर पहुंच चुके थे। लेकिन तभी आसमान से एक चील ने चुपचाप एंट्री ली और अचानक एक उम्मीदवार के हाथ से उसका हॉल टिकट छीनकर उड़ गई। परीक्षा केंद्र के बाहर खड़े करीब 300 छात्र और स्टाफ इस दृश्य को देखते ही दंग रह गए। चील टिकट लेकर स्कूल की ऊपरी मंजिल की खिड़की पर जा बैठी और उसे अपनी चोंच में कसकर पकड़ लिया। बिना किसी जल्दबाजी और बिना किसी डर के चील अपने ही अंदाज में शांति से बैठी रही।
छात्रों ने की समाधान निकालने की कोशिश
वायरल वीडियो में आगे देख सकते हैं कि छात्रों ने पत्थर फेंक कर टिकट वापस लेने की कोशिश की, लेकिन वह अभ्यर्थी घबरा गया। उसे डर था कि चील डर गई तो टिकट लेकर उड़ न जाए और उसकी सालों की मेहनत बर्बाद हो जाए। नीचे भीड़ जमा हो गई, अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन ऊपर बैठी चील बिल्कुल बेपरवाह थी।
चील ने छोड़ दिया कागज
समय जैसे रफ्तार पकड़ चुका था। परीक्षा शुरू होने की अंतिम घंटी बस बजने ही वाली थी। सभी सांसे थामे चील की ओर देख रहे थे कि आखिर अब क्या होगा? और फिर जैसे कोई स्क्रिप्ट पहले से लिखी हो, चील ने कागज छोड़ दिया। टिकट जमीन पर गिरते ही अभ्यर्थी ने फुर्ती से उसे उठाया और तेजी से परीक्षा हॉल की ओर दौड़ा। अधिकारियों ने तुरंत पुष्टि की कि टिकट असली है और छात्र को परीक्षा देने की अनुमति दी गई।
लोगों ने दी मजेदार प्रतिक्रिया
इस पूरी घटना का वीडियो वहीं किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, और जल्द ही यह नजारा इंटरनेट पर छा गया। लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाओं की बौछार कर दी। एक यूजर ने लिखा, “चील भी अब PSC पास करना चाहती है”। दूसरे यूजर ने लिखा, “नकल पर निगरानी का नया तरीका।” वहीं, एक और यूजर ने लिखा “अब एडमिट कार्ड उड़ाने की चील सेवा शुरू। भाइयों एकदम सतर्क रहना और जेब में ही रखना।”