ट्रेन छूटने से पहले यात्री ने खरीदे समोसे
- फोटो : इंस्टाग्राम@ _mushtaq_ahmed_railfan_
ट्रेन में सफर के दौरान कई बार ऐसे नजारे देखने को मिल जाते हैं, जो लोगों का ध्यान खींच लेते हैं। कभी यात्रियों की मजेदार हरकतें तो कभी रेलवे स्टेशन पर होने वाले छोटे-छोटे वाकये सोशल मीडिया पर वायरल हो जाते हैं। लेकिन इन दिनों एक ऐसा वीडियो चर्चा में है, जिसे देखकर लोगों को एक मेहनतकश दुकानदार की चिंता होने लगी है। दरअसल, एक समोसे बेचने वाला वेंडर यात्री को समोसे तो दे देता है, लेकिन जब वह पैसे लेने के लिए अपना यूपीआई स्कैनर लेने जाता है, तभी ट्रेन चल पड़ती है। वह वापस लौटता है तो ट्रेन जा चुकी होती है और उसके हाथ में सिर्फ निराशा रह जाती है। तो आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
यात्री को समोसे दिए, फिर लेने गया स्कैनर
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक यात्री ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर प्लेटफॉर्म पर समोसे बेच रहे वेंडर से सामान खरीद रहा है। यात्री पहले कुछ समोसे लेता है, लेकिन ट्रेन का दरवाजा बंद होने से ठीक पहले कुछ और समोसे मांग लेता है। जल्दी सामान पहुंचाने के लिए वेंडर अपने साथी को भी बुला लेता है। दोनों मिलकर यात्री को समोसे देते हैं। इस दौरान ट्रेन का ऑटोमैटिक दरवाजा बंद होने लगता है। वेंडर किसी तरह उसे रोककर रखता है, ताकि यात्री को उसका सामान मिल सके। इसके बाद वह पेमेंट लेने के लिए अपना यूपीआई स्कैनर लेने कुछ कदम पीछे जाता है।
लौटकर आया तो निकल चुकी थी ट्रेन
इसी बीच ट्रेन का दरवाजा बंद हो जाता है। कुछ यात्री ट्रेन में चढ़ भी जाते हैं। जब वेंडर स्कैनर लेकर वापस पहुंचता है, तब तक दरवाजा बंद हो चुका होता है। वह यात्री से पैसे लेने की कोशिश करता है, लेकिन ट्रेन प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ने लगती है। वेंडर कुछ पल तक ट्रेन की तरफ देखता रहता है। आखिर में वह अपना सिर पकड़ लेता है। उसके चेहरे पर निराशा साफ दिखाई देती है।
81 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा वीडियो
इस वीडियो को मुश्ताक अहमद नाम के यूजर ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। उन्होंने इसके साथ लिखा कि यही जिंदगी का संघर्ष है। मेहनत करके सामान बेचने वाले लोगों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि ट्रेन छूटने के आखिरी समय में सामान खरीदने से बचें। खासकर वंदे भारत जैसी ट्रेनों में, जिनमें ऑटोमैटिक दरवाजे होते हैं। वीडियो को अब तक 81 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और इसे 1 लाख 31 हजार से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। कई यूजर्स वेंडर के प्रति सहानुभूति जता रहे हैं। उनका कहना है कि छोटे दुकानदारों के लिए कुछ समोसों की कीमत भी काफी मायने रखती है। हालांकि, वीडियो में यह साफ नहीं हो पाया है कि यात्री ने पहले कोई पेमेंट किया था या नहीं।