5 कपड़ों के लिए थमा दिया 40 डॉलर का बिल
- फोटो : एक्स@@gharkekalesh
विदेश घूमने जाने वाले लोग अक्सर वहां के होटल, खाने-पीने और घूमने-फिरने पर अच्छा खासा पैसा खर्च करते हैं। लेकिन कई बार छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी उन्हें ऐसी कीमत चुकानी पड़ जाती है, जिसकी उन्होंने कल्पना तक नहीं की होती। खासकर जब बात होटल की सर्विस की हो, तो लोग उम्मीद करते हैं कि उनसे सही कीमत ही ली जाएगी। हालांकि, पाकिस्तान के एक होटल में ठहरे विदेशी पर्यटक के साथ कुछ ऐसा हुआ कि वह कपड़े धुलवाने के बिल को देखकर हैरान रह गया। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग होटल की सर्विस पर सवाल उठा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर हुआ वीडियो
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक विदेशी व्लॉगर पाकिस्तान के एक होटल में ठहरा हुआ दिखाई दे रहा है। वह अपने कुछ कपड़े धुलवाने और प्रेस करवाने के लिए होटल की लॉन्ड्री सर्विस का इस्तेमाल करता है। युवक ने इसके लिए महज पांच कपड़े दिए थे। उसे उम्मीद थी कि होटल इसके लिए सामान्य कीमत वसूलेगा, लेकिन जब कपड़े धुलकर वापस आए और उसे बिल बताया गया, तो उसके होश उड़ गए।
5 कपड़ों के लिए थमा दिया 40 डॉलर का बिल
वीडियो में विदेशी युवक को 40 डॉलर यानी भारतीय मुद्रा में करीब 3500 रुपये से ज्यादा का बिल चुकाते हुए देखा जा सकता है। पांच साधारण कपड़ों की धुलाई और प्रेस के लिए इतनी बड़ी रकम सुनकर वह हैरान रह जाता है। वह होटल के कर्मचारी से इस बारे में सवाल भी करता है। इस पर कर्मचारी बेहद सामान्य अंदाज में जवाब देता है कि यह सामान्य सर्विस का चार्ज है। अगर युवक ने एक्सप्रेस सर्विस ली होती, तो उसे इससे भी ज्यादा पैसे देने पड़ते। कर्मचारी की यह बात सुनकर विदेशी पर्यटक और भी हैरान हो जाता है। उसे समझ नहीं आता कि आखिर पांच कपड़ों के लिए इतनी बड़ी रकम कैसे ली जा सकती है। हालांकि, युवक वहां ज्यादा बहस नहीं करता और मजबूरी में पूरा भुगतान कर देता है। इसके बाद वह अपने कमरे में चला जाता है। वीडियो में उसके चेहरे पर नाराजगी और निराशा साफ नजर आती है। वह इस अनुभव को खुली धोखाधड़ी जैसा बताता है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी इस घटना पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने होटल की लॉन्ड्री सर्विस के इतने ज्यादा चार्ज पर नाराजगी जताई है, तो कुछ यूजर्स विदेशी पर्यटकों से मनमाने पैसे वसूलने के मुद्दे पर सवाल उठा रहे हैं। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि पाकिस्तान में महंगाई इतनी बढ़ गई है कि अब पांच कपड़े धुलवाने के लिए भी हजारों रुपये देने पड़ रहे हैं। वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा कि इतनी रकम में तो कई जगह पांच नए कपड़े खरीदे जा सकते हैं। एक दूसरे यूजर ने लिखा कि विदेशी पर्यटक ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि होटल में कपड़े धुलवाना इतना महंगा पड़ जाएगा। फिलहाल, यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इस एक घटना के आधार पर पूरे देश या वहां के सभी होटलों की सर्विस के बारे में कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता।