परिवार की रीढ़ कहलाने वाला पिता वह इंसान होता है, जो चुपचाप पूरे घर की जिम्मेदारियों को अपने कंधों पर उठाए रखता है। वह अपनी जरूरतों को दरकिनार कर अपने बच्चों और परिवार के लिए हर सुख-सुविधा जुटाने की जद्दोजहद करता है। पिता शब्द महज एक रिश्ता नहीं, बल्कि एक ऐसा गहरा भाव है, जिसमें त्याग, तपस्या और निस्वार्थ प्रेम छिपा होता है। चाहे भीषण गर्मी हो या कड़ाके की सर्दी, पिता बिना कोई शिकायत किए परिवार के लिए मेहनत करता है। हर मजबूत और खुशहाल घर के पीछे एक ऐसा पिता होता है, जो जिंदगी की हर मुश्किल से अकेले जूझता है। तो आज की इस खबर में हम भी आपको एक ऐसे ही वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे देख आप भी भावुक हो जाएंगे। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
हाल ही में, इसी जज्बे और संघर्ष को दिखाता हुआ एक भावुक कर देने वाला वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के बाहर खड़ा होकर चाय बेच रहा है। ट्रेन के अंदर से एक यात्री चाय ऑर्डर करता है। चायवाला अपनी केतली को ट्रेन की खिड़की में फंसा कर चाय देने की कोशिश करता है, लेकिन अचानक ट्रेन चलने लगती है। इसके बावजूद वह दौड़कर उस यात्री तक पहुंचता है और बाकी पैसे वापस करता है।
जान जोखिम में डालकर बेचता है चाय
यह वीडियो केवल एक दिन की घटना को नहीं दिखाता, बल्कि उस व्यक्ति की रोजाना की जद्दोजहद को सामने लाता है। रोज उसे अपनी जान जोखिम में डालकर चलती ट्रेनों के आसपास चाय बेचनी पड़ती है। यह सब वह केवल कुछ पैसे कमाकर अपने परिवार को खुश रखने के लिए करता है। एक पिता का यही संघर्ष उसकी सबसे बड़ी पहचान है। वह जो खामोशी से अपने कर्तव्यों को निभाता है और हर मुश्किल उठाता है।
यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
इस दिल को छू लेने वाले वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर @prasannatweetzz नामक अकाउंट से साझा किया गया है। अब तक इस वीडियो को 20 लाख से भी अधिक बार देखा जा चुका है। इसे देख लोग भावुक हो गए हैं और कमेंट्स के जरिए अपनी भावनाएं जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "चलती ट्रेन में भी ईमानदारी दिखाने वाले इस व्यक्ति को मेरा सलाम।" वहीं एक और यूजर ने कहा, "पिता सब कुछ हैं, वो ही असली जिंदगी के हीरो हैं।" बता दें कि यह वीडियो उस अनकहे बलिदान और जज्बे की झलक है, जो हर पिता अपने परिवार के लिए करता है। बिना किसी दिखावे के बिना कोई उम्मीद रखे एक पिता अपनी दुनिया को बेहतर बनाने के लिए हर दिन संघर्ष करता है।