सोशल मीडिया पर एक वीडियो ने लोगों के बीच गंभीर बहस छेड़ दी है। यह वीडियो अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले का बताया जा रहा है, जिसमें एक व्यक्ति को बाढ़ के बीच रस्सियों की मदद से एक संकरे और कच्चे सस्पेंशन पुल को पार करते हुए देखा जा सकता है। पुल का ज्यादातर हिस्सा पानी में डूबा हुआ है और नीचे तेज बहाव के साथ नदी उफान पर है। यह मंजर इतना जोखिम भरा है कि देखने वालों की सांसें थम जाएं। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह सीन इतना भयावह है कि देखने वालों की रूह कांप जा रही है। इस घटना ने इंटरनेट पर दो तरह की प्रतिक्रियाएं पैदा की हैं। एक तरफ लोग उस व्यक्ति की जज्बे और हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर कई यूजर्स यह सवाल उठा रहे हैं कि तकनीकी तरक्की के इस दौर में भी लोगों को ऐसी खतरनाक परिस्थितियों में क्यों जीना पड़ता है।
वीडियो देख लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए सरकार से मांग की है कि ऐसे इलाकों में बुनियादी ढांचा बेहतर किया जाए। मजबूत पुल, पक्की सड़कें और आपदा प्रबंधन जैसी सुविधाएं प्रायोरिटी पर बने। इस वीडियो को देखकर एक यूजर ने लिखा, "यह बहादुरी इंस्पायरिंग है, लेकिन यह भी गलत है कि लोग ऐसी जानलेवा यात्रा के लिए मजबूर हैं।" एक और यूजर ने तंज कसते हुए कहा, "राजनीतिक पार्टियां सिर्फ चुनाव के समय इन लोगों को याद करती हैं, फिर भूल जाती हैं।"
पुल देखकर लोगों को हुई काफी हैरानी
बता दें कि हाल ही में अरुणाचल प्रदेश और उसके पड़ोसी राज्य असम में भारी बारिश और लैंड स्लाइड के चलते काफी तबाही हुई है। अरुणाचल में लैंड स्लाइड की घटनाओं में नौ लोगों की जान जा चुकी है, जबकि असम में लगभग 1500 पर्यटक बाढ़ और खराब मौसम के कारण फंसे हुए हैं। अंजॉ जैसे पहाड़ी इलाकों में, जहां पहले से ही सुविधाओं की कमी है, ऐसे हालात और भी भयावह हो गए हैं। यही नहीं, वीडियो में नजर आ रहा सस्पेंशन पुल बांस और रस्सियों से बना है। इसे देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि इस इलाके में यही एकमात्र संपर्क का साधन है। मानसून के दौरान ऐसे पुल अक्सर बह जाते हैं या क्षतिग्रस्त हो जाते हैं, जिससे लोगों को जान जोखिम में डालकर रास्ता तय करना पड़ता है।