यूपी पुलिस की गिरफ्त से भागा किडनैपिंग का आरोपी
- फोटो : एक्स@gharkekalesh
उत्तर प्रदेश की पुलिस अक्सर चर्चा में रहती है। कभी वे अपराधियों को पकड़ने की तेजी के लिए सुर्खियां बटोरती हैं तो कभी एनकाउंटर की वजह से खबरों में रहती हैं। कई बार ऐसा भी होता है कि पुलिस से बचने की कोशिश में आरोपी गोली का शिकार हो जाते हैं। इसीलिए लोग कहते हैं कि यूपी पुलिस की गिरफ्त से बचना आसान नहीं है। लेकिन इस बार जो घटना सामने आई, उसने लोगों को हैरान कर दिया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक आरोपी पुलिस की आंखों के सामने से भाग निकलता है। यह मामला पीलीभीत जिले का है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
खबर के मुताबिक पीलीभीत पुलिस ने अपहरण के एक आरोपी को गिरफ्तार किया था और थाने लेकर आई थी। थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने शौचालय जाने का बहाना बनाया। पुलिस ने उसे जाने की अनुमति दे दी, लेकिन मौका पाकर वह भाग खड़ा हुआ। आरोपी के भागते ही थाने में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मी तुरंत उसके पीछे दौड़े, लेकिन आरोपी काफी तेजी से भाग रहा था।
पुलिस की गिरफ्त से भाग गया आरोपी
भागते समय रास्ते में कई लोग मौजूद थे। उनमें से कुछ ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह उनके हाथ नहीं आया। वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी तेजी से भाग रहा है और लोगों को चकमा दे रहा है। दो लोग उसे पकड़ने की कोशिश करते हैं, मगर वह उन्हें भी आसानी से पीछे छोड़ देता है। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी भी दौड़ते हुए नजर आता है, लेकिन वह आरोपी को तुरंत पकड़ पाने में नाकाम रहता है। हालांकि, थोड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को फिर से गिरफ्तार कर लिया गया।
वीडियो पर लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर @gharkekalesh नाम के अकाउंट से साझा किया गया है। कैप्शन में लिखा गया, “पीलीभीत में अपहरण का आरोपी शौचालय का बहाना बनाकर थाने से फरार हो गया, हालांकि कुछ देर बाद पकड़ लिया गया।” यह वीडियो सिर्फ 16 सेकंड का है, लेकिन इसे अब तक 1.58 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और सैकड़ों लोगों ने इसे लाइक भी किया है। वीडियो देखने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी खूब आईं। एक यूजर ने लिखा, “आरोपी तो बिल्कुल बॉलीवुड फिल्म के हीरो की तरह भागा।” एक और यूजर ने मजाक में लिखा,“सफाई कर्मचारी तो पुलिस से भी तेज है।” किसी ने मजाक करते हुए कहा, “शायद यह रील बनाने में व्यस्त था।” वहीं एक और यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “लगता है आरोपी को झाड़ू वाले भाई ने ही पकड़ा होगा क्योंकि पुलिस वाले तो ठीक से दौड़ भी नहीं पा रहे थे।”