हिंदू वीवाह में गठबंधन में बांधे जाने वाले वस्तु
- फोटो : Adobe Stock
सोशल मीडिया आज के समय में मनोरंजन का सबसे बड़ा जरिया बन गया है। यहां हर दिन कुछ न कुछ नया देखने को मिलता है, जो या तो बहुत मजेदार होता है या फिर इतना अनोखा कि लोग उसे बार-बार देखना पसंद करते हैं। जब भी आप सोशल मीडिया पर जाते हैं, कोई न कोई फोटो या वीडियो आपको जरूर दिखती है जो वायरल हो रही होती है। अब हाल ही में, राजस्थान के करौली जिले के नादौती तहसील से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया जब दूल्हे ने फेरों के बीच ही शादी करने से इनकार कर दिया। यह घटना गांव वालों और शादी में आए मेहमानों के लिए पूरी तरह हैरान कर देने वाली थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई यह खबर
शादी की सभी रस्में धूमधाम से चल रही थीं। दूल्हा-दुल्हन ने मिलकर छह फेरे पूरे भी कर लिए थे। जैसे ही सातवें फेरे की बारी आई, उसी वक्त दूल्हे को अचानक एक फोन कॉल आया। कॉल सुनने के बाद दूल्हे का व्यवहार पूरी तरह बदल गया और उसने सबके सामने शादी से मना कर दिया। यह सुनकर दुल्हन का परिवार आगबबूला हो गया।
दूल्हे से किया शादी से इनकार
गुस्से में आकर दुल्हन के घरवालों ने दूल्हे, उसके पिता और कुछ और रिश्तेदारों को पकड़कर बंधक बना लिया। शादी में मौजूद मेहमान भी इस अचानक हुए बदलाव से सन्न रह गए और सब यह सोचने लगे कि आखिर ऐसा क्या हुआ जो दूल्हा फेरों के दौरान पीछे हट गया।
मौके पर तुरंत पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, दोनों परिवारों ने इस मामले में कोई कानूनी शिकायत दर्ज नहीं करवाई, इसलिए पुलिस ने केवल स्थिति पर निगरानी रखने का काम किया। पुलिस ने कोशिश की कि कोई झगड़ा न हो और माहौल शांत बना रहे।
दूल्हे के परिवार से पैसे की कराएंगे भरपाई
दुल्हन के परिवार का कहना है कि उन्होंने इस शादी पर करीब 56 लाख रुपये खर्च किए थे। अब यह खर्च बेकार चला गया और उन्हें भारी नुकसान हुआ है। इस वजह से गांव की पंचायत अब यह विचार कर रही है कि क्या दूल्हे के परिवार से इस पैसे की भरपाई करवाई जाए। गांव के कुछ लोगों का दावा है कि जिस फोन कॉल के बाद दूल्हे ने शादी से मना किया, वह किसी लड़की का था। उसी कॉल के बाद दूल्हे ने अपना फैसला बदल लिया। फिलहाल यह मामला गांव की पंचायत में है और पुलिस गांव में किसी भी तरह की अशांति से बचने के लिए सतर्कता बरत रही है।