ऑफिस में किसी बड़े लक्ष्य के पूरा होने पर अक्सर केक काटा जाता है, टीम को बधाई देने वाला ई-मेल भेजा जाता है या फिर एक छोटी-सी सेलिब्रेशन कर ली जाती है, लेकिन प्रॉपर्टी टेक कंपनी में तिमाही का बड़ा टारगेट पूरा होने के बाद जश्न का अंदाज बिल्कुल अलग था। यहां कंपनी के को-फाउंडर और सीईओ ने ऐसा सेलिब्रेशन किया, जिसने कर्मचारियों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स का भी ध्यान अपनी ओर खींच लिया। तो आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कंपनी के सीईओ ऑफिस के गलियारों में एक नई चमचमाती स्कूटी चलाते नजर आते हैं। ऑफिस के अंदर सीईओ को इस अंदाज में देखकर कर्मचारी हैरान भी हुए और उत्साहित भी। जैसे ही स्कूटी ऑफिस में दौड़ी, पूरा माहौल तालियों और उत्साह से भर गया। यह नजारा किसी नॉर्मल अवॉर्ड फंक्शन से कहीं ज्यादा अलग और यादगार दिखाई दिया है।
कैप्शन ने खींचा लोगों का ध्यान
इस वीडियो को खुद सीईओ ने अपने X अकाउंट पर साझा किया है। पोस्ट के साथ उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, "उस दिन मुझे एक बहुत ही अहम जिम्मेदारी दी गई थी, स्कूटी चलाने की, उनके इस हल्के-फुल्के कैप्शन ने भी लोगों का ध्यान खींचा। सीईओ के मुताबिक कंपनी की पैकर्स एंड मूवर्स टीम ने इस तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया था. इसी उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए कई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, लेकिन स्कूटी इस सेलिब्रेशन का सबसे बड़ा इनाम थी, उनका मानना है कि जब कोई टीम अपनी पूरी मेहनत, लगन और समर्पण से मुश्किल लक्ष्य को हासिल कर लेती है तो उसकी सराहना सिर्फ एक औपचारिक अवॉर्ड सेरेमनी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।
कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाने का है अच्छा मौका
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाने का सबसे अच्छा तरीका लंबी-चौड़ी स्पीच देना नहीं, बल्कि कुछ ऐसा करना है जिसे वे हमेशा याद रखें। यही वजह थी कि उन्होंने सेलिब्रेशन को थोड़ा अलग और मजेदार बनाने का फैसला किया। हालांकि, सीईओ ने यह भी साफ किया कि इस पूरे कार्यक्रम का केंद्र स्कूटी नहीं थी, उनके मुताबिक, असली सम्मान के हकदार वे कर्मचारी हैं जिन्होंने इस उपलब्धि को संभव बनाया, उन्होंने विशेष रूप से सेल्स, सर्विसिंग और पार्टनर मैनेजमेंट टीमों की तारीफ की, उनके अनुसार, सेल्स टीम ने नए ग्राहकों को जोड़ा, सर्विस टीम ने ग्राहकों को बेहतर अनुभव दिया और पार्टनर मैनेजमेंट टीम ने पूरे ऑपरेशन को सुचारू रूप से चलाया। इन सभी के सामूहिक प्रयासों की बदौलत कंपनी अपने तिमाही लक्ष्य तक पहुंच सकी।