अक्सर हम सुनते हैं कि जानवरों को बिना वजह परेशान नहीं करना चाहिए। वो चाहे पालतू हों या जंगली, हर जानवर की भी अपनी एक सीमा और स्वभाव होता है। जब हम उन्हें छेड़ते हैं, तो वे कभी भी आक्रामक हो सकते हैं और यह इंसानों के लिए खतरे की वजह बन सकता है। लेकिन कुछ लोग सिर्फ मजे के लिए या फिर सोशल मीडिया पर दिखावे के लिए जानवरों के पास चले जाते हैं और उनके साथ छेड़खानी करने लगते हैं। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लड़के एक ऊंट को छेड़ते नजर आ रहे हैं। शुरुआत में तो सब ठीक रहता है, लेकिन बाद में ऊंट का गुस्सा देखकर सभी लड़के भागने पर मजबूर हो जाते हैं। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो की शुरुआत में दिखता है कि लड़कों का एक ग्रुप ऊंट के पास खड़ा है। ऊंट उस समय शांति से पेड़ की पत्तियां खा रहा होता है। तभी उनमें से एक लड़का शरारत करने लगता है। वो पेड़ की एक टहनी तोड़ता है और ऊंट के मुंह के पास ले जाकर खिलाने की कोशिश करता है। शायद उसे लगता होगा कि ऊंट खुशी-खुशी उसके हाथ से पत्ते खा लेगा। लेकिन नतीजा बिल्कुल उल्टा निकलता है। ऊंट अचानक भड़क जाता है और उस लड़के पर हमला कर देता है।
ऊंट को छेड़ना लड़कों को पड़ा भारी
गुस्से में आया ऊंट लड़के को दौड़ाकर भगाने लगता है। वो सिर्फ एक-दो कदम नहीं दौड़ाता बल्कि काफी दूर तक उसका पीछा करता है। इस दौरान बाकी लड़के, जो वीडियो बना रहे थे, वो भी डर के मारे वहां से भाग खड़े होते हैं। माहौल ऐसा हो जाता है मानो कोई खतरनाक हादसा होने वाला हो। थोड़ी देर बाद जब ऊंट रुकता है, तब जाकर लड़के भी सांस लेते हैं। इस घटना से साफ समझा जा सकता है कि जानवरों के साथ मजाक करना या उन्हें परेशान करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है। ये लड़के तो बच गए, लेकिन अगर ऊंट का गुस्सा ज्यादा बढ़ जाता तो शायद हालात और गंभीर हो जाते। यही वजह है कि हमेशा कहा जाता है कि जानवरों को उनकी मर्जी से जीने देना चाहिए। उनके साथ छेड़छाड़ करना न तो इंसानियत है और न ही समझदारी।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @krishnansh_arora नाम के पेज से शेयर किया गया है और अब तक इसे 78 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। लोग भी इस पर जमकर कमेंट्स कर रहे हैं। किसी ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “अभी पहाड़ ऊंट के नीचे आ जाता।” एक और यूजर ने लिखा, “इसीलिए लड़कियां, लड़कों से ज्यादा जीती हैं।” वहीं एक यूजर ने इन्हें “खतरों के खिलाड़ी” बताया। किसी ने मजाक में कहा, “कर्म करने जाता हूं, कांड हो जाता है।”