गर्मियों में छुट्टियां मनाने के लिए लोग अक्सर वाटर पार्क का रुख करते हैं ताकि चिलचिलाती धूप से राहत मिले और कुछ सुकून के पल बिताए जा सकें। लेकिन हाल ही में एक ऐसा वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ है जिसने वाटर पार्क की मस्ती को डर में बदल दिया। यह वीडियो उत्तराखंड के देहरादून स्थित एक वाटर पार्क का बताया जा रहा है, जिसमें एक सांप को स्विमिंग पूल में तैरते हुए देखा गया। तो आज की इस खबर में हम आपको इस वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में देखा जा सकता है कि सांप पानी में बेहद तेजी से तैर रहा होता है। उसे देख वहां मौजूद लोग घबरा जाते हैं और खुद को सुरक्षित करने के लिए इधर-उधर भागने लगते हैं। जैसे ही लोगों को पूल में सांप के होने का पता चलता है, चारों ओर अफरातफरी मच जाती है। यह पूरी घटना वहीं मौजूद एक व्यक्ति ने कैमरे में रिकॉर्ड कर ली, और यह क्लिप इंटरनेट पर तेजी से फैल गई। सोशल मीडिया पर यूजर्स इस वीडियो पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
स्विमिंग पूल में दिखा सांप
स्विमिंग पूल में लोग मजे से नहा रहे होते हैं, तभी अचानक कुछ लोग सांप-सांप चिल्लाने लगते हैं। इससे बाकी लोग भी सतर्क हो जाते हैं और अपने चारों ओर निगाहें दौड़ाते हैं। स्विमिंग पूल दो हिस्सों में बंटा होता है। दाहिनी ओर सब नॉर्मल नजर आता है, लेकिन जैसे ही कैमरा बाईं ओर मूव करता है, पानी में एक सांप तैरता हुआ नजर आता है। उसे देखकर वहां नहा रही एक महिला बुरी तरह डर जाती है और जल्दी से पूल से बाहर निकलने की कोशिश करती है। करीब 20 सेकंड की इस क्लिप का यही सीन आखिरी होता है।
मजेदार कैप्शन के साथ शेयर किया गया वीडियो
इस रोमांचक और डरावनी घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @askbhupi नाम के यूजर ने पोस्ट किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कैप्शन दिया, “देहरादून के स्विमिंग पूल में सांप ने लगाई तैराकी की ग्रैंड एंट्री। नहा रहे लोग बोले, ‘ये तो हमसे ज्यादा प्रोफेशनल निकला।’ भगदड़ मच गई, लोग साबुन छोड़कर भागे, और सांप बोला, ‘आराम से, मैं तो बस अपना स्पा डे मना रहा हूं।’”
लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को 2 लाख 31 हजार से अधिक बार देखा जा चुका था और 150 से ज्यादा यूजर्स इसे लाइक कर चुके थे। कई और सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस वीडियो को शेयर किया है और उस पर भारी संख्या में प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। वीडियो के कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक ने कहा, "ये तो बिना निमंत्रण का मेहमान था।" दूसरे ने लिखा. "पानी में रहने वाले सांप आमतौर पर जहरीले नहीं होते।" तीसरे यूजर ने लिखा, "सांप तो प्रोफेशनल स्विमर निकला।" वहीं एक और यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, "सांप सोच रहा होगा, क्या ये वाटर पार्क तुम्हारे बाप का है?"