एक भारतीय व्लॉगर का अफगानिस्तान का अनुभव इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। वजह सिर्फ इतनी है कि वहां उन्हें जिस तरह का प्यार और अपनापन मिला, उसने उनका दिल जीत लिया। इतना ही नहीं उन्होंने इस पूरे पल को कैमरे में कैद किया और इंस्टाग्राम पर शेयर कर दिया। वीडियो सामने आते ही लोगों ने इसे हाथों-हाथ लिया और कमेंट सेक्शन में दोनों देशों की दोस्ती की जमकर तारीफ करने लगे। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
कैलाश मीणा, जो इंस्टाग्राम पर TheIndoTrekker नाम से मशहूर हैं ने यह वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में वो अफगानिस्तान की एक सड़क पर खड़े होकर अनार का ताजा जूस पीते नजर आते हैं। ठेले के पास का माहौल बिल्कुल आम-सा लगता है, लेकिन एक छोटा-सा इशारा इस वीडियो को खास बना देता है। जैसे ही मीणा जूस खत्म करके पैसे चुकाने की कोशिश करते हैं, दुकानदार मुस्कुराते हुए उनका हाथ रोक लेता है। वो उन्हें मेहमान कहकर पैसे लेने से साफ इनकार कर देता है। पास खड़ा एक और शख्स तुरंत बोलता है, “इंडिया मेहमान है।” इतना सुनते ही मीणा हैरान भी होते हैं और खुश भी। वो बार-बार इंसिस्ट करते हैं कि पैसे ले लें, लेकिन दुकानदार किसी भी हालत में उनसे एक पैसा नहीं लेता।
अफगानिस्तान की दिखी मेहमाननवाजी
यह पल इतना दिल छू लेने वाला होता है कि व्लॉगर तुरंत कैमरे की तरफ देखकर कहते हैं, “देखो, ये है अफगानिस्तान की असली मेहमाननवाजी। मैं यहां जरूर वापस आऊंगा।” उनके चेहरे पर आने वाला वो भाव हर किसी को समझा देता है कि यह अनुभव उनके लिए कितना खास था। वीडियो जैसे ही इंटरनेट पर वायरल होने लगा। कमेंट्स की बौछार शुरू हो गई। कुछ ने लिखा, “इंडिया और अफगानिस्तान भाई-भाई।” तो कई लोगों ने “आई लव अफगानिस्तान” तक लिख दिया। यूजर्स ने दुकानदार की दरियादिली की भी खूब तारीफ की। कई लोगों ने कहा कि दुनिया में अभी भी ऐसे लोग हैं जो पैसे से ज्यादा इंसानियत की कीमत समझते हैं।
वीडियो में दिखा खूबसूरत मैसेज
कैलाश मीणा का ये वीडियो सिर्फ एक व्लॉग नहीं, बल्कि एक खूबसूरत मैसेज है कि प्यार, सम्मान और इंसानियत की भाषा हर देश में एक जैसी होती है। विदेश में जाकर जब कोई आपको अपने जैसा बर्ताव दे तो वो पल जिंदगी भर दिल में बस जाता है।