बाइक सवार शख्स पर अचानक गैंडे ने किया हमला
- फोटो : X/@gharkekalesh
Viral Video: जंगली जानवरों का शहरों में आना एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। कई बार जंगलों का सिकुड़ना और मानव बस्तियों का विस्तार होने के कारण जंगली जानवर अपने प्राकृतिक आवास से भटक जाते हैं और शहरों में पहुंच जाते हैं। आए दिन सोशल मीडिया पर इससे संबंधित वीडियो भी वायरल होते रहते हैं। इसी कड़ी में आजतक आपने हाथी को रिहायशी इलाकों में तांडव मचाने के बारे में सुना होगा, लेकिन क्या कभी आपने गैंडे को उत्पात मचाते हुए देखा है? आप में से ज्यादातर लोगों का जवाब 'नहीं' होगा। हाल ही में इसी से संबंधित एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक विशालकाय गैंडा रिहायशी इलाकों में सड़क पर दौड़ता हुआ एक बाइक सवार पर हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है।
वीडियो में क्या है?
गैंडा एक विशालकाय और शक्तिशाली जानवर है। इसकी विशालकाय नाक पर सींग होते हैं, जो इसकी सबसे खास पहचान है। देखा जाए तो हाथी के बाद गैंडा दूसरा सबसे बड़ा जानवर होता है। अब सोचकर देखिए कि इतना बड़ा जानवर अगर रास्ते पर उत्पात मचाएगा तो कैसा दृश्य होगा? इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक गैंडा अचानक खेत से निकलकर सड़क पर आ जाता है और एक बाइक सवार पर हमला कर देता है। बाइक सवार गैंडे के आक्रामक व्यवहार को देखकर अपनी बाइक वहीं छोड़कर जान बचाने के लिए भागने लगता है। अगले ही क्षण में गैंडा बाइक को छोड़कर बाइक सवार को दौड़ाने लगता है। आसपास मौजूद लोग इस दृश्य को देखकर हैरान रह जाते हैं और गैंडे का उत्पात देखकर चीखने-चिल्लाने लगते हैं और खुद को बचाने में जुट जाते हैं। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि आसपास के लोग इस दृश्य को देखकर सदमें में रह जाते हैं। इस पूरे घटना को वहीं मौजूद एक शख्स अपने कैमरे में कैद कर लेता है।
लोगों की प्रतिक्रिया
इस वीडियो पर लोगों ने कई तरह की प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा कि - 'गैंडा जंगली होता है'। वहीं एक दूसरे यूजर लिखा कि - सबसे ताकतवर जानवर की एंट्री हुई है'। इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @gharkekalesh नाम के यूजर ने शेयर किया है। खबर लिखने तक इस वीडियो 1 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है, साथ ही इसे 1 हजार से अधिक लोगों ने लाइक किया है।