सार
Viral Video: केरल के वायनाड से सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। इस फुटेज में एक अजगर सड़क के बीचोंबीच एक हिरण को जकड़कर शिकार करते हुए दिखाई देता है। वहीं दूसरी ओर, आसपास खड़े लोग इस पूरे दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने में जुटे हुए नजर आते हैं।
अजगर बाकी जंगली जानवरों से कई मामलों में बिल्कुल अलग होते हैं। खासकर उनके शिकार करने का तरीका सबको हैरान कर देता है। दांत न होने के बावजूद अजगर किसी भी शिकार को अपने भारी-भरकम शरीर से जकड़कर उसका दम घोंट देता है और फिर धीरे-धीरे उसे पूरा का पूरा निगल जाता है। इस वजह से वह जंगल की दुनिया में सबसे अनोखे शिकारी माने जाते हैं। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
केरल के वायनाड में हाल ही में ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला। सड़क पर एक अजगर ने जिस तरह हिरण का शिकार किया, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखता है कि अजगर अपने शिकार को पकड़ने और निगलने की पूरी क्षमता लोगों के सामने बिना डरे दिखाता रहता है। आसपास बड़ी भीड़ जमा हो जाने के बाद भी वह हिरण को छोड़ता नहीं है और अपना काम पूरा करने के बाद ही उस जगह से हटता है।
अजगर ने हिरण को निगला
वीडियो में देखा जा सकता है कि अजगर ने हिरण को पहले ही निगल लिया था। लेकिन सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों की भीड़ देखकर वो घबरा जाता है। इसी असहज माहौल में वह मोबाइल से वीडियो बना रहे कुछ लोगों की तरफ झपटता भी है। हालांकि यह हमला ज्यादा देर नहीं चलता। कुछ ही पलों बाद वह वापस मुड़कर जंगल की ओर भाग जाता है।
देखने वालों की फटी रह गई आंखें
मेप्पाडी के कल्लाडी अरणामाला रोड पर इस घटना को देखने वाले लोगों ने बताया कि हिरण को शायद जंगल के पास सड़क किनारे ही मारा गया था। इसके बाद अजगर धीरे-धीरे सड़क के बीच तक आया और वहां उसने पूरा शिकार निपटाया। राहगीर इस नजारे को देखकर दंग रह गए। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि पास जाएं या दूर खड़े होकर देखें।
वन विभाग को दी गई सूचना
एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कई लोगों ने इस रेयर घटना को अपने फोन में रिकॉर्ड करते हुए वन विभाग को भी सूचना दे दी थी। लेकिन जब तक वन विभाग की टीम वहां पहुंची, तब तक अजगर हिरण को निगलकर जंगल की ओर वापस जा चुका था। घटना के दौरान किसी इंसान के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है। यह राहत की बात है, क्योंकि इतनी भीड़ के बीच किसी हादसे की आशंका बनी रहती है।