स्कूल कैंपस के बीच में प्रोफेसर ने किया डांस
- फोटो : Instagram/@gatalbum
Viral Video: जब भी प्रोफेसर या अध्यापक की बात होती है, तो दिमाग में एक गंभीर इंसान की छवि उभरती है, जो क्लास में लेक्चर दे रहा होता है। लोग अक्सर प्रोफेसर को एक सख्त और बोरिंग इंसान के रूप में देखते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कोई प्रोफेसर कॉलेज कैंपस के बीच में खड़े होकर डांस कर सकता है? अगर नहीं, तो यह खबर आपके लिए है। सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बेंगलुरु के एक प्रोफेसर अपने शानदार डांस मूव्स से सबको हैरान कर रहे हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि अब यह वीडियो इतनी तेजी से वायरल हो रहा है कि अब तक ढाई करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है। आइए पहले वीडियो देखते हैं...
वीडियो में क्या है?
यह वायरल वीडियो ग्लोबल एकेडमी ऑफ टेक्नोलॉजी के प्रोफेसर पुष्पा राज का है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कॉलेज का कॉरिडोर स्टूडेंट्स से खचाखच भरा हुआ है, और सभी के बीच प्रोफेसर पुष्पा राज पॉप म्यूजिक पर माइकल जैक्सन के पॉपुलर डांस स्टेप्स करते नजर आ रहे हैं। उनके मूनवॉक और स्मूद मूव्स को देखकर स्टूडेंट्स हैरान रह गए और जोर-जोर से हूटिंग करने लगे। प्रोफेसर का हर स्टेप बीट पर इतना परफेक्ट है कि लोग इस वीडियो को देखकर दांतों तले उंगली दबा रहे हैं। वीडियो को सबसे पहले GAT के स्टूडेंट्स द्वारा बनाए गए एक मेम पेज पर इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया था, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
लोगों की प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर लोगों ने इस वीडियो की जमकर तारीफ की है। एक यूजर ने लिखा, 'इन्हें तो डांसर बनना चाहिए था, लेक्चरर बनकर गलत प्रोफेशन चुन लिया!' एक अन्य यूजर ने कहा, 'ऑडियंस शॉक्ड, प्रोफेसर रॉक्ड!' कई लोगों ने उन्हें 'डांस मास्टर जी' का खिताब दे दिया। इस वीडियो में प्रोफेसर की एनर्जी और कॉन्फिडेंस देखते ही बनता है, जिसने स्टूडेंट्स को भी झूमने पर मजबूर कर दिया। इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @gatalbum नाम के यूजर ने शेयर किया है। खबर लिखने तक इस वीडियो को 2 करोड़ 56 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है, साथ ही इस वीडियो को 27 लाख से अधिक लोगों ने लाइक किया है।
नाटू-नाटू गाने पर भी अध्यापक ने किया डांस
इतना ही नहीं, प्रोफेसर पुष्पा राज का एक और डांस वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक शख्स के साथ तेलुगु फिल्म RRR के ऑस्कर विजेता गाने 'नाटू-नाटू' पर थिरकते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में भी उनकी एनर्जी और लटके-झटके देखकर स्टूडेंट्स ने जमकर तालियां और सीटियां बजाईं। 'नाटू-नाटू' के हुक स्टेप्स को प्रोफेसर ने इतने शानदार तरीके से किया कि यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर लाखों व्यूज बटोर चुका है।