रील के चक्कर में ट्रेन के गेट पर बैठे लोगों को डंडे मार रहा था लड़का
- फोटो : एक्स@RPF_INDIA
ट्रेन के गेट पर बैठकर या खड़े होकर यात्रा करना वैसे तो गलत है और खतरनाक भी, लेकिन इससे भी ज्यादा गलत तब हो जाता है जब कोई व्यक्ति बाहर से किसी यात्री पर हमला कर दे। ऐसा ही एक मामला बिहार से सामने आया है, जहां दो युवकों में से एक ने चलती ट्रेन में गेट पर बैठे एक यात्री को डंडे से मारा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो के वायरल होते ह RPF ने तुरंत कार्रवाई की और हमलावरों को पकड़ लिया। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह घटना बिहार के नगरी हॉल्ट के पास की है। वीडियो में दो युवक रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े दिखाई देते हैं। दोनों ने बनियान पहन रखी होती है और उनमें से एक के हाथ में डंडा होता है। जैसे ही ट्रेन उनके सामने से गुजरती है। वह युवक ट्रेन की एक बोगी में गेट पर बैठे यात्री को डंडे से मारता है। ट्रेन आगे बढ़ती रहती है, इसलिए उस यात्री की प्रतिक्रिया वीडियो में नजर नहीं आती।
ट्रेन की गेट पर बैठे यात्रियों को डंडा मारता दिखा शख्स
इस घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड किया था और इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। थोड़े ही समय में यह वीडियो वायरल हो गया और RPF तक पहुंच गया। वीडियो देखकर RPF ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर दी। इसके बाद RPF ने पूरी घटना और अपनी कार्रवाई का वीडियो भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया।
RPF ने दिया तगड़ा जवाब
RPF ने X पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “बिहार के नगरी हॉल्ट के पास ट्रेन क्रॉसिंग के दौरान यात्रियों पर हमला करने के वायरल वीडियो में RPF ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। एफआईआर दर्ज हो चुकी है और बाकी की तलाश की जा रही है। जांच जारी है।” इस वीडियो को खबर लिखे जाने तक 6 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं और 6,500 से ज्यादा लोग इसे लाइक कर चुके हैं। वीडियो पर सैकड़ों लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। RPF ने वीडियो में यह भी अपील की कि “सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें। रेलवे आपकी सेवा में है, कृपया सहयोग करें।”
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
लोगों ने RPF की इस कार्रवाई की जमकर तारीफ की है। एक यूजर ने लिखा, “बहुत बढ़िया काम RPF इंडिया।” दूसरे ने मजाक में कहा, “इनकी भी उल्टा लटकाकर रील बनानी चाहिए।” एक और यूजर ने लिखा, “इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि यात्रियों की सुरक्षा बनी रहे।” हालांकि, आरपीएफ के इस एक्शन को देखकर हर कोई काफी खुश भी हो रहे हैं। लेकिन फिर यही सवाल उठता है कि आखिर लोग ऐसा करते ही क्यों हैं।