शार्दुल, कंबोज, बुमराह और सिराज
- फोटो : PTI
बुमराह को मिला आराम
भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते आराम दिया गया है। वहीं, अंशुल कंबोज भी पिछले टेस्ट में प्रभावित करने में नाकाम रहे थे। ऐसे में आकाश दीप की प्लेइंग-11 में वापसी हुई है। वह चोट की वजह से पिछला मैच नहीं खेले थे। पांचवें मुकाबले में भारत चार बदलावों के साथ उतरा है। कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि ऋषभ पंत की जगह ध्रुव जुरेल, शार्दुल ठाकुर की जगह करुण नायर, जसप्रीत बुमराह की जगह प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कंबोज की जगह आकाश दीप को टीम में शामिल किया गया है।
अर्शदीप-प्रसिद्ध-बुमराह
- फोटो : BCCI-X
मैनचेस्टर में लय में नहीं दिखे थे बुमराह
दुनिया के नंबर एक गेंदबाज 31 वर्षीय बुमराह ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए चौथे टेस्ट मैच में लय में नहीं दिखे थे। उन्हें अपनी गति को लेकर भी संघर्ष करना पड़ा था। वे इस टेस्ट में सिर्फ एक विकेट ले सके थे। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, 'बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने बुमराह को बता दिया है कि यह फैसला उनकी पीठ को चोट से बचाने और भविष्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।'
भारतीय टीम
- फोटो : PTI
टीम संयोजन के बारे में अभी तक फैसला नहीं
मुकाबले से पहले मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कहा था कि टीम संयोजन के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया गया है और बुमराह सहित सभी गेंदबाज फिट हैं। मैनचेस्टर में चौथे टेस्ट के बाद गंभीर ने कहा था, 'हमने आखिरी टेस्ट के लिए टीम संयोजन पर कोई बातचीत नहीं की है। जसप्रीत बुमराह खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। जो भी खेलेगा, वह देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा।' हालांकि, अब साफ हो गया है कि बुमराह को आराम मिला है।
आकाश-प्रसिद्ध-अर्शदीप-बुमराह
- फोटो : PTI/BCCI-X
बुमराह की रफ्तार में दिखी थी कमी
चौथे टेस्ट में भारत के 358 रन के जवाब में इंग्लैंड ने 669 रन का विशाल स्कोर बनाकर 311 रन की बढ़त हासिल की थी। भारत यह मैच ड्रॉ करने में सफल रहा था। बुमराह ने चौथे टेस्ट की पहली पारी में 33 ओवर फेंके। उन्होंने पहली बार किसी एक पारी में इतने ओवर किए। बुमराह ने 103 रन देकर दो विकेट लिए। यह उनके करियर में पहला अवसर था जब उन्होंने एक टेस्ट पारी में 100 से अधिक रन दिए। इस सीरीज के दौरान उनकी रफ्तार में कमी भी देखी गई। इसके बावजूद उन्होंने सीरीज के जो तीन टेस्ट मैच खेले उनमें 14 विकेट लिए जो टीम के एक अन्य प्रमुख तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के बराबर हैं।
कुलदीप यादव
- फोटो : BCCI
कुलदीप को फिर नहीं मिला मौका
कई दिग्गजों ने चार टेस्ट के दौरान कुलदीप यादव को खिलाने की मांग की थी। हालांकि, एक बार फिर उन्हें नहीं चुना गया है।
ध्रुव जुरेल
- फोटो : Twitter
पंत की जगह जुरेल की एंट्री
पंत पैर की अंगुली टूटने की वजह से सीरीज से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में उनकी जगह ध्रुव जुरेल को मौका मिला है। पंत की गैरमौजूदगी में इस सीरीज में उन्होंने कई मौकों पर विकेटकीपिंग की है और अपने किरदार को बखूबी निभाया है। इसके अलावा रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर का भी खेलना तय है। दोनों ने मैनचेस्टर में टेस्ट बचाने के लिए विपरीत परिस्थितियों में भी शानदार बल्लेबाजी की थी।
भारत की प्लेइंग-11: यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।
आर्चर-स्टोक्स
- फोटो : PTI
इंग्लिश खिलाड़ियों पर भी थकान हावी
वहीं, इंग्लैंड की भी हालत कुछ इसी प्रकार की है। टीम के ज्यादातर खिलाड़ियों ने चारों टेस्ट खेले हैं और उन पर भी थकान हावी है। मैनचेस्टर टेस्ट को जल्दी ड्रॉ घोषित करने की मांग को लेकर भी कप्तान बेन स्टोक्स ने यही वजह बताई थी। उस टेस्ट के खत्म होने के तीन दिन बाद अगला टेस्ट होना था। स्टोक्स ने इस सीरीज में गजब का जज्बा दिखाया है और न सिर्फ बल्लेबाजी, बल्कि गेंदबाजी में मैराथन स्पेल डाले हैं, लेकिन पिछले टेस्ट में वह भी परेशानी में दिख रहे थे और थकान हावी दिख रही थी। अब वह दाएं कंधे में चोट के कारण पांचवें टेस्ट से बाहर हो गए हैं। पांचवें टेस्ट इंग्लैंड की प्लेइंग 11 में कुल चार बदलाव हुए हैं। स्टोक्स के अलावा ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर और लियाम डॉसन भी अगला मुकाबला नहीं खेलेंगे। स्टोक्स की जगह स्पिन ऑलराउंडर जैकब बेथेल को शामिल किया गया है। वह छठे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। वहीं, सरे के दो पेस बॉलिंग ऑलराउंडर गस एटकिंसन और जेमी ओवरटन को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा जोश टंग को भी प्लेइंग 11 का हिस्सा बनाया गया है।
इंग्लैंड की प्लेइंग-11: जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रुक, जैकब बेथेल, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जेमी ओवरटन और जोश टंग।