पंचायत वेब सीरीज का चौथा सीजन हाल ही में अमेजन प्राइम पर लॉन्च हो चुका है। देसी दर्शकों के बीच सुपरहिट रही इस सीरीज के नए सीजन को लेकर लोगों की राय बंटी हुई नजर आ रही है। कई लोगों का कहना है कि इस बार सीरीज में कॉमेडी का पुट कम दिखा, जबकि फुलेरा गांव की राजनीति का रंग ज्यादा चढ़ा हुआ है। इसके बावजूद पंचायत के चाहने वाले फुलेरा गांव की राजनीति और नए ट्विस्ट का भरपूर मजा ले रहे हैं। अब हाल ही में इससे जुड़ा वीडियो और कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। तो आइए एक नजर डालते हैं...
मध्य प्रदेश में हुई है पंचायत की शूटिंग
क्या आपको पता है कि सीरीज में दिखाया गया यूपी के बलिया का फुलेरा गांव असल में कहां स्थित है? अगर नहीं, तो आपको बता दें कि पंचायत की शूटिंग बलिया में नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के महोदिया गांव में हुई है। सोशल मीडिया पर पंचायत के असली फुलेरा गांव की तस्वीरें खूब शेयर की जा रही हैं और तेजी से वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में पंचायत सीरीज की असली शूटिंग लोकेशन्स देखने को मिल रही हैं।
यहां दिखा सचिव जी का ऑफिस
इन तस्वीरों में पंचायत का दफ्तर भी नजर आ रहा है, जहां सीरीज में सचिव अभिषेक त्रिपाठी काम करते दिखाई देते हैं। इसके अलावा खेतों के सीन, गांव का मंदिर, लाइब्रेरी, वाटर टैंक और प्रधान जी का घर भी इन तस्वीरों में साफ नजर आ रहा है। पंचायत में दिखाए गए गांव के अस्पताल की भी एक फोटो सामने आई है, जिसके साथ लिखा गया है कि ‘फुलेरा का युद्ध यहीं लड़ा गया था।’
नया टूरिस्ट डेस्टिनेशन बन गया है गांव
इन पोस्ट्स पर लोग जमकर लाइक और कमेंट कर रहे हैं। एक पोस्ट को तो एक मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। पंचायत के प्रशंसक महोदिया गांव की असली लोकेशन्स को देखकर काफी उत्साहित हैं और यह गांव अब उनके लिए एक नए टूरिस्ट डेस्टिनेशन के तौर पर उभर रहा है।
यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
कुछ यूजर्स ने पंचायत के दिलचस्प लोकेशन्स की तस्वीरें भी मांग ली हैं। किसी ने पूछा कि क्या विधायक का घर, सितारा होटल, द हॉर्स, बम बहादुर का कबूतर फार्म, विकास का घर और वह दीवार दिखाई जा सकती है, जिस पर लिखा था, “दो बच्चे मीठी खीर, उससे ज्यादा बवासीर।” वहीं, किसी ने प्रधान ऑफिस के बाहर लगे सोलर लैंप और वॉशिंग एरिया की तस्वीर की भी डिमांड की है।
दो गांवों का नाम है फुलेरा
ध्यान देने वाली बात यह है कि भारत में फुलेरा नाम के दो गांव मौजूद हैं, एक मध्य प्रदेश में और दूसरा राजस्थान के जयपुर के पास, जबकि यूपी के बलिया जिले में सच में कोई फुलेरा गांव नहीं है, जैसा कि सीरीज की कहानी में बताया गया है। पंचायत सीरीज की वजह से महोदिया गांव अब दर्शकों के बीच फुलेरा के नाम से मशहूर हो चुका है और पंचायत प्रेमियों के लिए यह जगह आकर्षण का नया केंद्र बन गई है।