शख्स ने विदेश में लगाया महादेव का नारा
- फोटो : इंस्टाग्राम @rahulchhillar34
भारत से हर साल बहुत सारे स्टूडेंट्स पढ़ाई के लिए कनाडा जाते हैं। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कनाडा में पढ़ाई कर रहे एक भारतीय छात्र ने अपने ग्रेजुएशन सेरेमनी यानी कि कन्वोकेशन में ऐसा कुछ किया कि सबका ध्यान उस पर चला गया। तो आज की इस खबर में हम आपको एक ऐसे ही वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह वीडियो सस्केचेवान पॉलिटेक्निक के छात्र राहुल छिल्लर ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। वीडियो में दिखता है कि जैसे ही राहुल अपनी डिग्री लेने मंच पर पहुंचे, उन्होंने माइक पर जोर से कहा, ‘बोल शंकर भगवान की जय’ यह सुनकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। कई भारतीय छात्र भी राहुल के साथ मिलकर जयकारा लगाने लगे। राहुल के इस कदम से वहां मौजूद कई लोग खुश हुए और उन्हें यह पल गर्व से भरा लगा। लोगों का कहना था कि राहुल ने अपनी संस्कृति और आस्था को कनाडा जैसे देश में भी पूरी हिम्मत और गर्व से दिखाया।
वीडियो पर लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर अब तक 1.4 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है और इसे 25 लाख से ज्यादा लोगों ने लाइक किया है। वीडियो इतना वायरल हो गया कि लोग इसे फेसबुक, व्हाट्सऐप और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी शेयर करने लगे। वीडियो पर कई लोगों ने कमेंट कर राहुल की तारीफ की। किसी ने लिखा कि यह बहुत ही भावुक कर देने वाला पल था और राहुल ने भारत का नाम रोशन किया। वहीं किसी ने कहा कि हमें भी अपनी संस्कृति पर गर्व करना चाहिए। हालांकि, कुछ लोगों को राहुल का यह तरीका पसंद नहीं आया। एक यूजर ने कमेंट किया कि आजकल लोग हर जगह धार्मिक बातें करने लगे हैं और उन्हें लगता है कि यह बहुत कूल है, लेकिन ऐसा करना ठीक नहीं। वहीं दूसरे यूजर ने राहुल का समर्थन करते हुए लिखा, ‘हर हर महादेव’
सोशल मीडिया पर क्या बोले लोग?
सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि राहुल का यह वीडियो यह दिखाता है कि विदेश में पढ़ाई करने वाले भारतीय स्टूडेंट्स भी अपनी जड़ों और परंपराओं को नहीं भूलते। उनके इस कदम ने न सिर्फ वहां मौजूद भारतीय छात्रों का मनोबल बढ़ाया, बल्कि दुनियाभर के भारतीयों को भी अपनी संस्कृति पर गर्व करने का मौका दिया।