केरल के तिरुवनंतपुरम में पद्मनाभस्वामी मंदिर स्थित है। यह मंदिर सदियों से आस्था और श्रद्धा का केंद्र रहा है। हालांकि, बीते कुछ दशकों में इस मंदिर की पहचान सिर्फ भगवान विष्णु के पवित्र मंदिर से ही नहीं बल्कि रहस्यमयी मंदिर के रूप में भी हुई है। साल 2011 में जब इस मंदिर के 6 दरवाजों को खोला गया था उस समय बेशुमार खजाना निकला था। वहीं 7वें दरवाजे को खोले जाने को लेकर काफी विवाद हुआ। इस कारण सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के 7वें दरवाजे को खोले जाने को लेकर रोक लगा दी। मान्यताओं के मुताबिक पद्मनाभस्वामी मंदिर में रखे खजाने की रक्षा अलौकिक देवता और नाग करते हैं। अगर कोई इसे खोलने का प्रयास करता है तो उसके साथ कई तरह की अनिष्टकारी घटनाएं हो सकती हैं। कई लोगों को इस प्राचीन काल की मान्यता पर भरोसा है।