बारिश और बाढ़ के दौरान सड़क पर जमा पानी जितना सामान्य दिखाई देता है, उतना ही खतरनाक हो सकता है। ओडिशा के जाजपुर जिले में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां सड़क पर बह रहे बाढ़ के पानी के बीच कार लेकर निकलना दो लोगों के लिए मुसीबत बन गया। देखते ही देखते कार सड़क से फिसली और तेज बहाव के बीच पानी में फंस गई। घटना कायांगोला के पास तरभा इलाके की बताई जा रही है। यहां बैतरणी नदी का बाढ़ का पानी सड़क के ऊपर से बह रहा था। इसी रास्ते से एक कार गुजर रही थी। बताया गया कि चालक को सड़क पर जमा पानी की गहराई और उसके तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं हो सका। इसी दौरान कार अचानक सड़क से फिसल गई और पानी में जाकर फंस गई।
कार में फंसे थे दो लोग
गाड़ी के पानी में फंसते ही उसमें मौजूद दोनों लोग घबरा गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत फायर सर्विस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीण भी मदद के लिए आगे आए। फायर कर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों लोगों के सुरक्षित बचने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सामने आया घटना का वीडियो
बैतरणी नदी का जलस्तर बढ़ने और आसपास के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति के बीच हुई इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में बाढ़ के पानी के बीच फंसी कार और बचाव अभियान का नजारा दिखाई देता है। यह घटना उन लोगों के लिए भी एक चेतावनी है जो बाढ़ के दौरान पानी से भरी सड़कों को पार करने की कोशिश करते हैं। सड़क पर पानी कितना गहरा है और उसका बहाव कितना तेज है, इसका अंदाजा कई बार ऊपर से देखकर लगाना मुश्किल होता है।
वाहन नहीं चलाने की थी अपील
ऐसे में प्रशासन और राहत एजेंसियां लोगों से बाढ़ प्रभावित या पानी में डूबी सड़कों पर वाहन नहीं चलाने की अपील करती हैं। अगर तेज बहाव में वाहन फंस जाए तो घबराने के बजाय तुरंत सुरक्षित जगह जाने और बचाव दल को सूचना देने को प्राथमिकता देनी चाहिए।