मुंबई युनिवर्सिटी ने गलत नाम के साथ एक छात्रा का मार्कशीट जारी किया है। खबर है कि मुंबई युनिवर्सिटी के मार्कशीट पर छात्रा का सरनेम 'काइट' से 'पतंग' में बदल गया है। दरअसल मुंबई युनिवर्सिटी के रामनारायण रुइया कॉलेज के बीएमएम की छात्रा निकिता काइट का नाम मराठी में उनकी मार्कशीट पर निकिता पतंग के रूप में लिखा मिला। निकिता ने तुरंत इस मामले में युनिवर्सिटी में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि निकिता की शिकायत के बाद उसकी मार्कशीट बदल दी गई।
निकिता ने अपनी मार्कशीट की कॉपी को अपने ट्विटर पर ट्वीट किया था। इसके बाद सफाई देते हुए युनिवर्सिटी ने कहा कि सॉफ्टवेयर में गलती की वजह से ऐसा हो गया है। मार्कशीट प्रिंट करने वाला सॉफ्टवेयर अंग्रेजी से मराठी में कुछ इसी तरह की गलती कर रहा है।
ये सॉफ्टवेयर अंग्रेजी नाम को अपने आप मराठी में बदल देता है और इसी तरह निकिता का सरनेम काइट से पतंग में बदल गया। युनिवर्सिटी की ओर से कहा गया है कि छात्रा की शिकायत के बाद मार्कशीट बदल दी गई है।