तमिलनाडु के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कोडाइकनाल से एक अनोखी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां के चर्चित पर्यटन स्थल गुना गुफा क्षेत्र में एक शरारती बंदर ने एक पर्यटक के बैग से 500-500 रुपये के नोटों की गड्डी चुरा ली और फुर्ती से एक पेड़ पर चढ़ गया। इसके बाद बंदर ने जो किया, वह न सिर्फ हैरान करने वाला था, बल्कि देखने वालों के लिए बेहद दिलचस्प भी बन गया। तो आइए इस खबर में जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि बंदर पेड़ पर आराम से बैठा हुआ है और उसके हाथ में नोटों की गड्डी है। वह धीरे-धीरे उन नोटों को फाड़ना शुरू कर देता है और फिर उन्हें हवा में उड़ाता है। यह पूरा दृश्य वहां मौजूद पर्यटकों के लिए हैरतअंगेज था और कई लोगों ने इसे अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इस वजह से है पॉपुलर
कोडाइकनाल, जो तमिलनाडु के डिंडीगुल जिले में स्थित है, हर साल लाखों पर्यटकों को आकर्षित करता है। खासतौर पर गुना गुफा, जो पहले से ही 'गुना' फिल्म के कारण लोकप्रिय थी, हाल ही में रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘मंजुमल बॉयज’ की वजह से और भी चर्चा में आ गई है। इसके चलते देश के विभिन्न राज्यों से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है।
बंदर ने 500 की गड्डी छीनी
हालिया घटना में कर्नाटक से आए एक पर्यटक अपने साथ 500 रुपये के नोटों की कई गड्डियां लेकर घूम रहे थे। इसी दौरान गुना गुफा क्षेत्र में एक बंदर ने मौका देखकर उनका बैग छीन लिया और उसे लेकर तेजी से पास के पेड़ पर चढ़ गया। पेड़ पर बैठकर बंदर ने बैग से एक नोटों की गड्डी निकाली और खेल-खेल में उसे फाड़कर नीचे फेंकना शुरू कर दिया। पेड़ से नोट उड़ते देख पर्यटक पहले तो घबरा गए, लेकिन जल्दी ही स्थिति को संभालते हुए उन्होंने नीचे गिरते नोटों को इकट्ठा करना शुरू कर दिया। पर्यटक और उनके साथियों के अलावा वहां मौजूद कई और लोगों ने भी गिरे हुए नोट इकट्ठा कर मदद की। हालांकि, कुछ नोट हवा के साथ बहते हुए घाटी की ओर गिर गए, जिन्हें वापस लाना संभव नहीं था।
लोगों ने वीडियो पर दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
इस पूरे घटना ने वहां मौजूद सभी लोगों के लिए एक अलग अनुभव छोड़ दिया। यह घटना बताती है कि पर्यटक स्थलों पर जंगली जानवरों से सावधानी बरतना कितना जरूरी है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर खूब प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ लोग इसे मजेदार बता रहे हैं तो कुछ इसे एक चेतावनी के तौर पर देख रहे हैं कि प्रकृति के साथ लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।