शादी करना जिंदगी के सबसे बड़े फैसलों में से एक माना जाता है। लेकिन कई बार परिवार, रिश्तेदारों और समाज के दबाव में लोग इस फैसले को लेकर जल्दबाजी कर बैठते हैं। ऐसे में गाजियाबाद के 58 साल के एक अंकल की सलाह सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है। उन्होंने शादी को लेकर ऐसी सीधी और आसान बात कही है, जिसे सुनकर कई लोग उनकी बात से सहमत नजर आ रहे हैं। खासकर शादी की उम्र में पहुंच चुके युवा उनके वीडियो पर कमेंट कर रहे हैं कि वे उनकी सलाह का ध्यान रखेंगे। तो आइए विस्तार से जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
दरअसल, गाजियाबाद के रहने वाले सुरेश कुमार एक बाइक राइडर हैं। वह अक्सर जिंदगी से जुड़ी सीख देने वाले वीडियो बनाते हैं। इस बार उन्होंने युवाओं को शादी के फैसले को लेकर सलाह दी है। सुरेश कुमार कहते हैं कि जिंदगी में सबसे बड़ा फैसला शादी करना होता है। इसलिए यह फैसला कभी भी मां-बाप, रिश्तेदारों या किसी दूसरे व्यक्ति के दबाव में आकर नहीं लेना चाहिए। उनके मुताबिक, शादी का फैसला किसी की जिंदगी को स्वर्ग भी बना सकता है और नर्क भी।
शादी के एल्बम में सब होंगे, लेकिन जिंदगी का सफर खुद तय करना है
सुरेश कुमार अपनी बात को समझाते हुए कहते हैं कि शादी के फोटो एल्बम में मां-बाप, रिश्तेदार और दोस्त सभी नजर आएंगे। लेकिन जिंदगी के सफर में इंसान को अपना रास्ता खुद तय करना पड़ता है। वह कहते हैं कि शादी के फैसले को बहुत सोच-समझकर लेना चाहिए, क्योंकि यह पूरी जिंदगी का सवाल है। उनकी यही बात लोगों को पसंद आ रही है। सुरेश कुमार ने अपनी सलाह में किसी मुश्किल शब्द या लंबी सीख का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि अपने 58 साल के अनुभव के आधार पर अपनी बात रखी। वीडियो में उनकी बात सुनकर कई लोग शादी को लेकर अपने फैसले पर विचार करने की बात कह रहे हैं।
45 लाख से ज्यादा लोगों तक पहुंचा वीडियो
सुरेश कुमार ने अपने वीडियो के कैप्शन में इसे 58 साल के राइडर की शादी से जुड़ी सलाह बताया है। इससे पहले भी उनकी 'शौक से जिंदा रहता है इंसान' वाली बात सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। उस वीडियो पर भी लोगों ने खूब प्रतिक्रियाएं दी थीं। अब उनकी शादी वाली सलाह भी इंटरनेट पर चर्चा में है। खबर लिखे जाने तक वीडियो को करीब 45 लाख बार देखा जा चुका है और इसे दो लाख से ज्यादा लाइक मिल चुके हैं।
किसी ने कहा ध्यान रखेंगे तो किसी ने दी सिंगल रहने की सलाह
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी काफी दिलचस्प हैं। कुछ लोग सुरेश कुमार की बात से सहमत हैं और कमेंट में लिख रहे हैं कि वे उनकी सलाह का ध्यान रखेंगे। वहीं, कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में शादी न करने की सलाह दे डाली। एक यूजर ने लिखा कि अब फैसला तो ले लिया है, आगे क्या करना है, यह भी बता दीजिए। दूसरे यूजर ने कहा कि सिंगल रहो और मस्त रहो।