सांप के पलटवार हमले ने उड़ाए लड़के के होश
- फोटो : @nituchowdhury222 Instagram
Snake Attack Viral Video: सोशल मीडिया पर आए दिन कुछ न कुछ ऐसा देखने को मिल जाता है जो हमें हैरान कर देता है। कभी इंसानों की गलती से हादसा हो जाता है तो कभी जानवरों की दुनिया से ऐसे वीडियो सामने आते हैं जो सोचने पर मजबूर कर देते हैं। अब एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक लड़का जंगल के बीचों-बीच एक विशालकाय सांप के साथ छेड़छाड़ करता नजर आ रहा है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। लेकिन तभी सांप ऐसा पलटवार करता है, कि लड़का डर के मारे सांप के सामने हाथ जोड़ने लगता है।
वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि, एक लड़का तेजी से भागते हुए विशाल सांप का पीछा कर रहा है। लेकिन जैसे ही वह सांप की पूंछ पकड़ने की कोशिश करता है, सांप बिजली की फुर्ती से पलटकर उस पर हमला बोल देता है। एक बार जान पर बन आने के बावजूद लड़का बाज नहीं आता, वह दोबारा सांप के पीछे भागता है। इसी दौरान लड़का जमीन पर गिर पड़ता है और सांप सीधे उसकी छाती पर फन फैलाए खड़ा हो जाता है। उस वक्त लड़का डर के मारे सांप के सामने हाथ जोड़ने लगता है, लेकिन जैसे ही सांप उसे छोड़ कर आगे बढ़ता है, लड़का फिर से उसकी पूंछ पकड़ लेता है। इस बार सांप और भी ज्यादा भड़क जाता है और सीधे उसके चेहरे के पास पहुंच जाता है।
सांप के पलटवार के इस रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर
@nituchowdhury222 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक 24 लाख से भी ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
खतरनार सांप के हमले के इस वीडियो पर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दी हैं। ऐसे में एक यूजर ने लिखा- ये सांप तो बढ़िया एक्टर निकला, दोनों मिले हुए लग रहे हैं। दूसरे यूजर ने लिखा- भाई का यमराज के साथ उठना-बैठना लगता है। वीडियो देख एक बात तो साफ हो गई है कि सांप ने हीरोपंती करते लड़के की भी हेकड़ी निकाल दी।