आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई ने हमारी रोजमर्रा की जिंदगी को काफी आसान बना दिया है। ऑफिस के काम से लेकर ई-मेल लिखने और नए आइडिया तलाशने तक लोग इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से सामने आई एक कहानी ने एआई के इस्तेमाल को लेकर एक अलग ही सवाल खड़ा कर दिया है। यहां एक शख्स ने अपने काम ही नहीं, बल्कि अपनी लव लाइफ तक को ऑटोमेट कर दिया। मामला तब दिलचस्प हो गया, जब उसकी गर्लफ्रेंड को इसकी भनक लगी और उसने रिश्ता खत्म करने का फैसला कर लिया। तो आइए जानते हैं कि क्या है पूरी कहानी।
गुड मॉर्निंग से लेकर डेट प्लानिंग तक एआई के हवाले
वायरल दावे के मुताबिक इस शख्स ने अपनी रिलेशनशिप की कई अहम जिम्मेदारियां एआई चैटबॉट को सौंप दी थीं। सुबह का गुड मॉर्निंग मैसेज भेजना हो या दिन के दौरान गर्लफ्रेंड का हालचाल पूछना, इन कामों में भी एआई की मदद ली जाती थी। मामला सिर्फ मैसेज तक सीमित नहीं था। दोनों के बीच अगर कभी छोटी-मोटी बहस होती तो उस दौरान क्या जवाब दिया जाए, यह भी एआई चैटबॉट तय करता था। यानी रिश्ते में आने वाली बातचीत और मतभेदों को संभालने में भी शख्स खुद से ज्यादा एआई पर निर्भर था।
एआई कर रहा था गर्लफ्रेंड से बात
इतना ही नहीं, डिनर डेट कहां होनी है और दोनों को कब घूमने जाना है, इसकी प्लानिंग भी पहले से ऑटोमेट की गई थी। ऐसे में जिस रिश्ते में सामने वाली महिला को अपने पार्टनर की तरफ से मिलने वाला प्यार और ध्यान पूरी तरह व्यक्तिगत लगता था, उसके पीछे असल में एआई का इस्तेमाल हो रहा था।
राज खुला तो खत्म हो गया रिश्ता
जब गर्लफ्रेंड को पता चला कि रिश्ते के इतने सारे हिस्सों में उसका पार्टनर खुद फैसले नहीं ले रहा था और एआई चैटबॉट की मदद ले रहा था तो उसने तुरंत ब्रेकअप कर लिया। इस घटना ने सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींच लिया। वायरल कहानी पर यूजर्स ने जमकर मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा कि शख्स ने अपनी पूरी लव लाइफ ही आउटसोर्स कर दी और बदले में उसे ब्रेकअप मिल गया। वहीं, दूसरे यूजर ने मजाक में कहा कि हर चीज ऑटोमेट करने का आइडिया शख्स ने कुछ ज्यादा ही गंभीरता से ले लिया था।