ट्रेन की कोच को ही बना लिया किचन, मिडिल बर्थ पर परिवार ने बनाया सैंडविच
- फोटो : एक्स
भारतीय रेलवे में सफर के दौरान यात्रियों के अनोखे कारनामे के वीडियो अक्सर सामने आते हैं और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन जाते हैं। कभी सीट को विवाद होता है, तो कभी लोगों की अजीबोगरीब हरकतें लोगों का ध्यान खींचती हैं। अब इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक परिवार ने ट्रेन के थर्ड एसी कोच में मिडिल बर्थ को ही किचन टेबल बना दिया। परिवार के इस अंदाज को देखकर सोशल मीडिया पर लोग हैरान हैं।
मिडिल बर्थ पर अखबार बिछाकर बनाने लगे सैंडविच
वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया गया है। इसके साथ उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि मैं अपने गुजरात का बचाव नहीं कर सकता। वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन के थर्ड एसी कोच में सफर कर रहे एक परिवार ने मिडिल बर्थ पर अखबार बिछा रखा है। इसी पर सैंडविच बनाने की तैयारी चल रही है। एक महिला ब्रेड और सलाद जैसी सामग्री से सैंडविच तैयार करती दिखती है, जबकि दूसरी महिला नीचे की बर्थ पर बैठकर आलू छीलने और टमाटर काटने में व्यस्त दिख रही है। परिवार का यह अंदाज देखकर ऐसा लगता है, जैसे उन्होंने ट्रेन के डिब्बे को ही अस्थायी किचन में बदल दिया हो।
इलेक्ट्रिक सैंडविच टोस्टर लाने की भी चर्चा
वीडियो में एक महिला की बात ने लोगों का ध्यान खींचा है। वह कहती सुनाई देती है कि अगर वे अपने साथ इलेक्ट्रिक सैंडविच टोस्टर भी ले आते, तो सैंडविच बनाने का मजा और बढ़ जाता। पोस्ट शेयर करने वाले शख्स के मुताबिक, यह परिवार गुजरात के सूरत का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो से परिवार की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोगों ने परिवार के इस व्यवहार को सार्वजनिक स्थान के नियमों और दूसरे यात्रियों की सुविधा के खिलाफ बताया। उनका कहना है कि ट्रेन में सफर करते समय सभी को साफ-सफाई, सुरक्षा और सहयात्रियों की सुविधा का ध्यान रखना चाहिए। कुछ लोग परिवार के समर्थन में भी नजर आए। उनका तर्क है कि सैंडविच तैयार करना और ट्रेन में बाकायदा खाना पकाना दो अलग-अलग बातें हैं। अगर इससे किसी अन्य यात्री को परेशानी नहीं हो रही, तो इसे बेवजह विवाद का मुद्दा नहीं बनाना चाहिए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।