रात के अंधेरे में बैग छीनकर फरार हुआ चोर
- फोटो : एक्स@furrymomneds
ट्रेन में सफर करते समय हर यात्री चाहता है कि उसका सामान और उसकी सुरक्षा दोनों का पूरा ध्यान रखा जाए। खासकर एसी कोच में सफर करने वाले लोगों को उम्मीद रहती है कि वहां सुरक्षा के बेहतर इंतजाम होंगे। लेकिन हावड़ा से जमालपुर जा रही एक ट्रेन में महिला यात्री के साथ हुई लूटपाट की घटना ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। साहिबगंज के पास एक चोर ने एसी-2 कोच में घुसकर महिला का बैग छीन लिया। महिला ने अपना सामान बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उन्हें धक्का दे दिया। इस घटना के बाद महिला इतनी डर गईं कि सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती सुनाते हुए रो पड़ीं।
रात के अंधेरे में बैग छीनकर फरार हुआ चोर
यह घटना ट्रेन एसी-2 टियर कोच ए 1 की बताई जा रही है। महिला के मुताबिक, वह सीट नंबर 51 पर सफर कर रही थीं। रात के समय जब ट्रेन साहिबगंज के पास पहुंची, तभी एक चोर कोच में आया और उनका बैग खींचने लगा। महिला ने उसे रोकने और अपना सामान बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें जोर से धक्का दे दिया। इससे वह नीचे गिर गईं और उन्हें चोट भी आई। इसके बाद चोर बैग लेकर फरार हो गया। महिला ने बताया कि बैग में सोने का हार, पासपोर्ट, जरूरी पहचान पत्र और कई कीमती सामान रखे थे। उन्होंने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है।
रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि घटना के समय कोच में कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था। वारदात के बाद उन्हें मदद और शिकायत दर्ज कराने के लिए भी काफी परेशान होना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि ट्रेन के चार से पांच अन्य डिब्बों में भी इसी तरह चोरी की घटनाएं हुई हैं। महिला ने सवाल उठाया कि जब यात्री एसी-2 जैसे महंगे कोच का टिकट लेते हैं, तो उन्हें सुरक्षा क्यों नहीं मिलती? रात में सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
रेलवे ने मांगी यात्री से जानकारी
वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सेवा के आधिकारिक एक्स हैंडल ने महिला से संपर्क किया। रेलवे ने जांच और कार्रवाई के लिए उनसे डायरेक्ट मैसेज के जरिए पीएनआर नंबर और मोबाइल नंबर साझा करने को कहा है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स ने ट्रेन में चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है। कुछ लोगों ने ट्रेनों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, हर तीन कोच पर महिला और पुरुष सुरक्षाकर्मी तैनात करने और पुलिस से सीधे संपर्क के लिए इंटरकॉम की सुविधा देने की मांग की है। फिलहाल, इस घटना ने लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।