नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यानी जेवर एयरपोर्ट के भव्य उद्घाटन और आधुनिक सुविधाओं की चर्चा अभी ज्यादा पुरानी नहीं हुई है। लेकिन मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद एयरपोर्ट परिसर के कुछ हिस्सों में पानी भरने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। नए-नवेले एयरपोर्ट की तस्वीरों के बीच फर्श पर जमा पानी और उसे साफ करते कर्मचारी नजर आए तो लोगों ने इसकी जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
दरअसल, ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को कम समय में तेज बारिश हुई। इसके बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल को पार्किंग क्षेत्र से जोड़ने वाले रास्ते पर पानी जमा हो गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एयरपोर्ट कर्मचारी वाइपर की मदद से पानी हटाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, पार्किंग क्षेत्र के पास भी काफी मात्रा में पानी जमा होने का एक वीडियो सामने आया है। इसमें कर्मचारी जलभराव को दूर करने की कोशिश करते नजर आते हैं।
ड्रेनेज सिस्टम को लेकर चर्चाएं तेज
इन वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट की इंजीनियरिंग और ड्रेनेज सिस्टम को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। यूजर्स नए एयरपोर्ट की चमक-दमक और बारिश के बाद सामने आई तस्वीरों की तुलना करते हुए तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से बताया गया है कि कम समय में ज्यादा बारिश होने के कारण कुछ हिस्सों में पानी जमा हुआ था। टीमों ने स्थिति को संभालने के लिए तुरंत काम शुरू किया और करीब 30 मिनट के भीतर पूरा पानी बाहर निकाल दिया गया।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन करीब पांच महीने पहले हुआ था और हाल ही में इसे आम लोगों के लिए खोला गया था। इसकी पहली हवाई यात्रा उन किसानों के लिए कराई गई थी, जिनसे जमीन लेकर एयरपोर्ट का निर्माण किया गया है। अब बारिश के बाद सामने आए वीडियो ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, "विकास पगला गया है।" दूसरे ने कहा, "बारिश में कचरे के साथ विकास भी बहता दिखाई दे रहा है।" वहीं, एक और यूजर ने इसे "घटिया इंजीनियरिंग का नजारा" बताते हुए सवाल किया कि देश में यह सब कब बंद होगा।