सोशल मीडिया की दुनिया में हर दिन कुछ न कुछ ऐसा दिख जाता है, जिसे देखकर दिमाग कुछ पल के लिए रुक-सा जाता है। खासकर जब मामला एआई का हो तो असली और नकली के बीच फर्क करना और भी मुश्किल हो जाता है। हाल ही में एक ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ जिसने लोगों की आंखें फटी की फटी छोड़ दीं। इस क्लिप में एक वेंडिंग मशीन दिखाई देती है, जो किसी चिप्स या कोल्ड ड्रिंक की नहीं, बल्कि सीधे-सीधे गरमा गरम छोले-भटूरे परोसती नजर आती है। दावा किया गया कि ये मशीन नई दिल्ली में लगी है और फिर क्या लोग वीडियो देखकर हैरान भी हुए और उत्साहित भी। तो आइए विस्तार से जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में एक आदमी मशीन के सामने खड़ा होता है। वह कुछ बटन दबाता है, थोड़ी देर इंतजार करता है और फिर मानो किसी मैजिक शो की तरह मशीन से एकदम ताजा और गरम छोले-भटूरे की थाली बाहर आ जाती है। देखने वाला भी सोच में पड़ जाए कि क्या सच में ऐसा हो सकता है। सड़क के खाने वाला छोले-भटूरे वेंडिंग मशीन से?
एआई से बनाया गया है वीडियो
इंस्टाग्राम पर @bhukkhad.oo नाम के अकाउंट ने यह वीडियो शेयर किया था। वीडियो देखने पर ऐसा लग रहा था जैसे दिल्ली की स्ट्रीट फूड लाइफ में कोई तगड़ी टेक्नोलॉजी एंट्री हो गई हो। आखिर छोले-भटूरे दिल्ली वालों का पहला प्यार होते हैं और अगर वही मशीन से मिलने लगें, वो भी कुछ ही सेकंड में तो यह किसी सपने से कम नहीं लगता।
वीडियो पर लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
लेकिन कहानी में ट्विस्ट यह है कि यह वीडियो असल में सच नहीं था। न मशीन असली है और न ही छोले-भटूरे खुद-ब-खुद तैयार हो रहे हैं। पूरा क्लिप एआई की मदद से बनाया गया था। यानी एआई ने इतना परफेक्ट वीडियो बनाया कि पहली नजर में असली और नकली का फर्क समझना मुश्किल हो जाए। जैसे ही लोगों को ये वीडियो मिला, कमेंट सेक्शन में उनकी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। किसी को वीडियो देखकर हंसी आ रही थी, तो कोई इसकी असलियत पर शक जता रहा था। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, "यह मशीन दिल्ली में लगेगी और कुछ घंटे में ही गायब हो जाएगी।" दूसरे ने लिखा, "ये सब एआई की करतूत है।" एक तीसरे ने चुटकी लेते हुए कहा, "टेक्नोलॉजीया।" कुछ लोगों ने बड़े ही देसी अंदाज में मशीन की सुरक्षा पर भी सवाल उठा दिए। एक यूजर का कहना था कि मशीन अगर बिहार में लग जाए तो मशीन ही रातों-रात गायब हो जाएगी।