अपने कुत्तों को स्पेशल ट्रेलर में सैर कराता शख्स
- फोटो : @rohit.chopra7
Viral Video: इंसानों का अपने पालतू जानवरों के लिए प्यार निस्वार्थ और गहरा होता है। कुत्ता एक वफादार जानवर होता है, यह इंसानों से गहरा जुड़ाव रखता है और अपने मालिक की सुरक्षा के लिए अपनी जान भी दांव पर लगा सकता है। लेकिन अगर कोई मालिक अपने कुत्ते के लिए कुछ स्पेशल करें तो ये बेहद खास होगा। हाल ही में सोशल मीडिया पर गुरुग्राम के एक शख्स का ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है जिसने लोगों का दिल छू लिया है। वीडियो में एक शख्स अपने दो कुत्तों को एक स्पेशल डिजाइन किए ट्रेलर में ले जाता नजर आ रहा है। जिसे देखने के बाद कई लोग बेहद इमोशनल हो रहे हैं।
वायरल वीडियो में बाइकर अनुराग कुमार अपने दो प्यारे कुत्तों, स्कूबी और लड्डू के साथ हाईवे पर बाइक चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। लेकिन यह कोई सिंपल सी राइड नहीं है बल्कि अनुराग की मोटरसाइकिल के पीछे डिजाइन की गई स्पेशल ट्रॉली जुड़ी हुई है। जिसे अनुराग ने खुद बनाया है, जहां उनके प्यारे साथी, एक बीगल और एक गोल्डन रिट्रीवर, आराम से बैठे रहते हैं और सफर का मजा लेते हैं।
अपने पालतू कुत्तों के लिए खास तौर पर बनाया गया यह ट्रेलर न सिर्फ देखने में आकर्षक है, बल्कि यह एक पालतू जानवर के मालिक और उसके कुत्तों के बीच के गहरे बंधन और सोच-समझकर किए गए डिजाइन को भी दर्शाता है।
स्पेशल डॉग ट्रेलर के इस वीडियो को व्लॉगर रोहित चोपड़ा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म
@rohit.chopra7 इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। जिसके कैप्शन में लिखा है कि, इस तरह के बाइकर्स सच में प्रशंसा के लायक हैं और बाइक चलाने के लिए प्रेरणा देते हैं।
दिल छू लेने इस वीडियो को अब तक 38 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। लोग इस पर लगातार कमेंट कर अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- यह वीडियो इस बात की याद दिलाता है कि, प्यार अक्सर छोटी-छोटी बातों में ही झलकता है। तो वहीं कई यूजर्स ने कमेंट्स में बाइकर की जमकर तारीफ की है और तीनों को अच्छी जोड़ी, प्यारी जोड़ी और दोस्ती का आदर्श बताया है।