दहेज का नाम सुनते ही हमारा दिमाग गुस्से से भर जाता है और हम सोचते हैं कि क्या आज के जमाने में भी लोग दहेज लेने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। दहेज एक ऐसा शब्द जो कानून की किताबों में अपराध है, लेकिन कई लोगों के जहन में अब भी हक समझा जाता है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से आई एक ताजा घटना ने एक बार फिर इस सामाजिक बुराई को लेकर बहस छेड़ दी है। शादी जैसे पवित्र रिश्ते को दहेज की मांग ने कैसे कलंकित किया, इसका नमूना हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में देखने को मिला। वीडियो को देख सोशल मीडिया पर इसकी कड़ी आलोचना भी की जा रही है। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि शादी की रस्में चल रही थीं, सब कुछ ठीक-ठाक लग रहा था। लेकिन अचानक दूल्हा बिफर पड़ा। इसकी वजह साफ दिख रही है कि उसे मिला दहेज उसकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। नाराज दूल्हे ने गले की माला तोड़ी, जोर से जमीन पर पटकी और फिर बच्चों की तरह पांव पटक-पटक कर कहने लगा, “मुझे शादी नहीं करनी, नहीं करूंगा शादी।”
रिश्तेदारों ने दूल्हे को समझाया
वीडियो में देखा जा सकता है कि रिश्तेदारों ने बहुत समझाया, लेकिन जनाब अपनी जिद पर अड़े रहे। वीडियो देखकर ऐसा लगा जैसे ये शादी का नहीं, कोई तिलक समारोह का पल हो पर चाहे जो भी हो, दूल्हे का यह व्यवहार काफी शर्मनाक है। दूल्हा इस तरह सबके सामने अपनी मांगे रख रहा था कि जैसे बारात नहीं, कोई सौदेबाजी की मंडी हो।
यूजर्स ने दूल्हे की जमकर लगाई लताड़
इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग गुस्से से भड़कते दिखाई दे रहे हैं। एक यूजर ने तंज कसा, “पैर ऐसे पटक रहा है जैसे बाप से साइकिल नहीं मिली हो। लड़की बच गई इस जोकर से।” दूसरे यूजर ने लिखा, “दहेज के खिलाफ बने कानूनों का क्या फायदा जब लोग खुलेआम समाज को शर्मसार कर रहे हैं?” एक और यूजर ने सवाल उठाया “क्या ये दूल्हा है या जंगल से निकला कोई जानवर?”
सोशल मीडिया पर पहले भी शेयर हो चुका है वीडियो
बता दें कि कुछ समय पहले रेडिट पर एक यूजर ने साल 1993 में हुई अपनी बुआ की शादी की दहेज सूची शेयर की थी। उस सूची में नकद, गहने, बर्तन, घरेलू सामान सब कुछ शामिल था। इस पोस्ट ने भी लोगों को झकझोर दिया था, क्योंकि यह साबित करता है कि दहेज की यह परंपरा आज की नहीं, पीढ़ियों से चली आ रही है।