सावन का महीना आते ही गांवों से लेकर शहरों तक झूलों की यादें ताजा हो जाती हैं। कहीं पेड़ों की डालियों पर झूले पड़ते हैं तो कहीं घरों में बच्चों के लिए झूले सजाए जाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि चलती ट्रेन के अंदर भी किसी बच्चे के लिए झूला लगाया जा सकता है? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला है। यहां एक दादा ने रोते हुए अपने पोते को शांत कराने के लिए ट्रेन में ही झूले का इंतजाम कर दिया। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो को निक्की चौधरी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा कि हमारे देश में जुगाड़ करने वालों की कोई कमी नहीं है। पोते को रोता देखकर दादा जी ने ट्रेन के भीतर ही उसके लिए झूला बना दिया। वीडियो सामने आने के बाद लोग इस अनोखे जुगाड़ के साथ-साथ दादा-पोते के रिश्ते पर भी खूब प्यार लुटा रहे हैं।
दादा जी ने पोते के लिए बांधा झूला
दरअसल यह पूरा इंतजाम ट्रेन की सीट के पास लगी चेन की मदद से किया गया। यही चेन 3 एसी कोच में बीच वाली सीट को थामने के लिए इस्तेमाल की जाती है। दादा ने इसी चेन में एक गमछा बांध दिया और उसे झूले की तरह इस्तेमाल किया। गमछे पर बैठकर बच्चा आराम से झूलने लगा। वीडियो में दादा सीट पर खिड़की के पास बैठे नजर आते हैं। उनके पास ही पोता दिखाई देता है, जो पहले झूले में बैठने की कोशिश करता है। कुछ ही देर में बच्चा झूले में बैठ जाता है और फिर झूलने लगता है। दादा की मौजूदगी में बच्चे का यह पल कैमरे में कैद हो गया, जिसे अब सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है।
लोगों ने दिए ऐसे रिएक्शंस
वीडियो देखने के बाद कई यूजर्स ने दादा के इस जुगाड़ की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा कि दादा जी का जुगाड़ जबरदस्त है। वहीं, दूसरे ने दादा के प्यार की तारीफ करते हुए लिखा कि दादा जी का प्यार अमर रहे। एक और यूजर ने उन लोगों पर सवाल उठाया, जो इस वीडियो पर नेगेटिव कमेंट कर रहे हैं। उसने लिखा कि इसमें ऐसा कुछ नहीं है, फिर लोग निगेटिव कमेंट क्यों कर रहे हैं।